पवित्र गुफा के दर्शन के लिए आज अंतिम जत्था होगा रवाना
रविवार को छड़ी मुबारक के पवित्र गुफा में पहुंचने के साथ ही इस साल की यात्रा संपन्न हो जाएगी।अब तक 2,84,078 श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
By Preeti jhaEdited By: Published: Fri, 24 Aug 2018 12:46 PM (IST)Updated: Fri, 24 Aug 2018 12:46 PM (IST)
जम्मू, राज्य ब्यूरो। बाबा अमरनाथ यात्रा तीन दिन तक स्थगित रहने के बाद शुक्रवार को फिर से शुरू होगी। इस दिन जम्मू के आधार शिविर से अंतिम जत्था रवाना होगा। अब तक 2,84,078 श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। इस बार 60 दिन की यात्रा 28 जून को शुरू हुई थी।
यात्रा में पहले दिन से ही उत्साह था, लेकिन कई बार मौसम खराब होने और कश्मीर बंद के चलते जम्मू से यात्रा रोकी गई। पिछले तीन दिन से यात्रा जम्मू से रवाना नहीं की गई है। अब यात्रा संपन्न होने में मात्र तीन दिन शेष रह गए हैं।
ऐसे में जम्मू स्थित आधार शिविर भगवती नगर से शुक्रवार को अंतिम जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना होगा। वीरवार को यात्रा के 57वें दिन 353 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए।
रविवार को छड़ी मुबारक के पवित्र गुफा में पहुंचने और पूजा अर्चना के साथ ही इस साल की वार्षिक यात्रा संपन्न हो जाएगी। इस बार पिछले दो वर्षो में सबसे अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए गए हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें