जम्मू संभाग की 10 हजार लड़कियों को मिलेगा गर्ल्स फॉर टेक का लाभ, 3 जिलों के सरकारी स्कूलों में चलेगा कार्यक्रम
जम्मू संभाग के 3 जिलों की 10 हजार लड़कियों को गर्ल्स फॉर टेक कार्यक्रम का लाभ मिलेगा। यह कार्यक्रम जम्मू संभाग के तीन जिलों जम्मू सांबा व कठुआ के 100 सरकारी स्कूलाें में शुरू होने जा रहा है। इसे अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से चलाया जाएगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता । जम्मू संभाग के 3 जिलों की 10 हजार लड़कियों को गर्ल्स फॉर टेक कार्यक्रम का लाभ मिलेगा। यह कार्यक्रम जम्मू संभाग के तीन जिलों जम्मू, सांबा व कठुआ के 100 सरकारी स्कूलाें में शुरू होने जा रहा है। इसे अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से चलाया जाएगा।
शिक्षा निदेशक जम्मू अनुराधा गुप्ता का कहना है कि यह कार्यक्रम बहुत ही बेहतर है। इसमें छात्राओं को समस्याओं का समाधान करने के योग्य बनाने के अलावा उन्हें विज्ञान, प्रौधोगिकी, इंजीनयरिंग और गणित में करियर बनाने के लिए सक्षम बनाया जाएगा। इसके अलावा छात्राओं को फ्रॉड डिटेक्टिव, डाटा साइंटिस्ट व साफ्ट इंजीनियर बनने में भी यह कार्यक्रम मदद करेगा। इस कार्यक्रम में छठी से 10वीं तक की छात्राएं भाग लेंगी जिन्हें ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम की देखरेख शिक्षा विभाग का काउंसिलिंग सेल करेगा।
शिक्षा निदेशक का कहना है कि लड़कियों को सशक्त बनाने में यह कार्यक्रम बहुत लाभदायक सिद्ध होगा। विज्ञान के क्षेत्र में अपना करियर बनाने वाली लड़कियों को बहुत लाभ होगा। इस कार्यक्रम का लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों की लड़कियों को मिलेगा। उन्हें बराबर मौका मिलेगा। यह कार्यक्रम विश्व स्तर का है आर इसमें छात्राओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी भी दी जाएगी। शिक्षा विभाग अब उन स्कूलों को चिन्हित कर रहा है जहां पर इस कार्यक्रम को शुरू किया जाएगा। उम्मीद है कि नए शिक्षा सत्र में यह कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाली छात्राएं तकनीक के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर सकेंगी।