J&K BJP: प्रदेश भाजपा ने हाईकमान से उठाया कश्मीर में कार्यकर्ताओं की सुरक्षा का मुद्दा, जेपी नड्ड-तरूण चुग से बात की
प्रदेश भाजपा ने कश्मीर के सोपोर में आतंकवादी हमलों का खतरा झेल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा बढ़ाने का मुद्दा हाईकमान से उठाकर जोर दिया है कि केंद्र सरकार इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करे।कश्मीर में आतंकवादी हमले में अपने दो काउंसिलरों की मौत से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । प्रदेश भाजपा ने कश्मीर के सोपोर में आतंकवादी हमलों का खतरा झेल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा बढ़ाने का मुद्दा हाईकमान से उठाकर जोर दिया है कि केंद्र सरकार इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करे।कश्मीर में आतंकवादी हमले में अपने दो काउंसिलरों की मौत से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है। इसका प्रभाव जमीनी सतह पर पार्टी की गतिविधियों पर पड़ सकता है।
ऐसे में सुरक्षा के प्रबंधों को और पुख्ता कर उनका मनोबल बढ़ाने की मांग काे लेकर मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व जम्मू कश्मीर भाजपा प्रभारी तरुण चुग से फाेन पर बात की। रैना कश्मीर में कार्यकर्ताओं की सुरक्षा का मुद्दा जल्द केंद्रीय गृ़हमंत्री अमित शाह व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी उठाने की तैयारी में हैं।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना का कहना है कि कश्मीर में राष्ट्रवाद का मजबूत होना, शान से तिरंगे फहराना आतंकवादियों को हताश कर रहा है। पार्टी के काउंसिलरों पर आतंकवादी हमला इस हताशा का परिणाम है। आतंकवादी भाजपा कार्यकर्ता के बुंलद हौंसले को कम नही कर सकते हैं।
कश्मीर में पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले करने वाले आतंकवादियों को सेना-सुरक्षाबल नही बख्शेंगे।आतंकवादियों ने कश्मीर में भाजपा पर उस समय हमला किया है जब पार्टी जिलों में जमीनी सतह पर गतिविधियों को तेजी देने के लिए शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन आयोजित करने के लिए तैयारी कर रही थी। जिलों में पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा गत दिनों प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना व संगठन महामंत्री अशोक कौल के तीन दिवसीय कश्मीर दौरे के दौरान बनी थी। इस समय भी संगठन महामंत्री अशोक कौल कश्मीर के दौरे पर हैं।जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद घार्टी में हालात बेहतरी से आतंकवादी व अलगाववादी निराश हैं। ऐसे में कश्मीर में तिरंगा उठाकर राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत बनाने की मुहिम चला रहे कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता आतंकियों के निशाने पर आ गए थे। गत वर्ष बांडीपोरा में आतंकियों ने भाजपा नेता वसीम बारी, उनके पिता व भाई की हत्या कर दी थी।