पंजाब चुनाव में प्रचार के लिए जम्मू कश्मीर भाजपा के स्टार प्रचारक तैयार, पहली टीम ने संभाल लिया है मोर्चा
ये नेता प्रचार के लिए आनलाइन कार्यक्रम भी करेंगे।भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री डा निर्मल सिंह का कहना है कि पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए हमारी पूरी तैयारी है। पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन भरने के साथ प्रचार को तेजी देने की मुहिम जोर पकड़ जाएगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में भाजपा के 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के साथ ही जम्मू कश्मीर भाजपा के स्टार प्रचारकों ने भी प्रचार अभियान में हिस्सा लेने की तैयारी कर ली है। इस समय संगठन महामंत्री अशोक काैल के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर भाजपा की पहली टीम पंजाब के पांच जिलों में प्रचार को तेजी दे रही है। जल्द पूर्व उपमुख्यमंत्री डा निर्मल सिंह, कविन्द्र गुप्ता जम्मू कश्मीर के अन्य कुछ स्टार प्रचारकों को भी हाईकमान की ओर से प्रचार संबंधी जिम्मेवारियां मिल जाएंगी।
उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही शनिवार को प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष स विरेन्द्रजीत सिंह के नेतृत्व में पार्टी के कुछ नेता प्रचार करने के लिए पंजाब के तरनतारन के लिए रवाना हो रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार छब्बीस जनवरी तक जम्मू कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के पंजाब में प्रचार करने संबंधी शेडयूल जारी हो जाएगा। हाईकमान की ओर से भाजपा के सांसद, पूर्व उपमुख्यमंत्री, पूर्व मंत्रियों व वरिष्ठ नेता को प्रचार के लिए तैयार रहने को कहा है। इस समय जम्मू कश्मीर भाजपा के कई नेता पंजाब के चार जिलों में हो रही भाजपा की आनलाइन बैठक में शामिल हो रहे हैं। हाईकमान जल्द स्पष्ट करेगी कि वरिष्ठ नेता कोरोना से उपजे हालात में उन्हें दिए गए विधानसभा क्षेत्रों में किस तरह से प्रचार करेंगे।
ये नेता प्रचार के लिए आनलाइन कार्यक्रम भी करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री डा निर्मल सिंह का कहना है कि पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए हमारी पूरी तैयारी है। पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन भरने के साथ प्रचार को तेजी देने की मुहिम जोर पकड़ जाएगी। कोरोना से उपजे हालात में किस तरीके से प्रचार करना है, इसके लिए दिशानिर्दश मिलने का इंतजार हो रहा है। स्थिति स्पष्ट होते ही पंजाब में जिम्मेवारी संभाल लेंगे।
वही पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता का कहना है कि पंजाब में पार्टी उम्मीदवारों के नाम जारी होने लगे हैं, ऐसे में अब हमे कभी भी प्रचार करने की जिम्मेवारी मिल सकती है। हम पंजाब में पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए तैयार हैं।इस समय पंजाब में प्रचार कर रही भाजपा की पहली टीम के कमान संभालने वाले संगठन महामंत्री अशोक काैल का कहना है कि जम्मू कश्मीर भाजपा प्रचार काे तेजी देने के लिए हर प्रयास कर रही है। चार जिलों में बैठकें हो रही हैं। अब चुनाव प्रचार में भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता 26 जनवरी के बाद पंजाब में हरकत में आ जाएंगे। प्रचार के लिए रूपरेखा तय की गई है। इसमें हमारा सोशल मीडिया सैल भी अपनी जिम्मेवारी निभाएगा।