श्री श्री रविशंकर बने माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सदस्य
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन व जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बोर्ड का पुनर्गठन किया है। इसकी अवधि तीन साल की होगी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन व जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बोर्ड का पुनर्गठन किया है। इसकी अवधि तीन साल की होगी। नवगठित बोर्ड में सेवानिवृत्त आइपीएस अधिकारी डॉ. अशोक भान, सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त मेजर जनरल शिव कुमार शर्मा, आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, विजय धर, केबी काचरू और केके शर्मा को सदस्य बनाया गया है।
डॉ. अशोक भान राज्य में पुलिस महानिदेशक के पद पर रहे हैं, जबकि सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली सिक्किम उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण के पूर्व अध्यक्ष हैं। मेजर जनरल शिव कुमार शर्मा एक सेवानिवृत्त सेना अधिकारी हैं, जिन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल से अलकृंत किया गया है। विजय धर एक प्रख्यात शिक्षाविद हैं। केबी काचरू एमेरिटस, कार्लसन रेजिडोर होटल समूह के अध्यक्ष और भारतीय पर्यटन विकास निगम के पूर्व प्रबंध निदेशक हैं। केके शर्मा एमिल फार्मास्यूटिकल्स के चेयरमैन हैं।ये नियुक्तियां तीन साल के लिए की गई हैं।
श्राइन बोर्ड के प्रवक्ता के मुताबिक बोर्ड अधिनियम 1988 की धारा 5 (1) बी , धारा 7 और 10 के ज़रिए प्रदत्त अधिकारों के तहत बोर्ड का पुनर्गठन किया है।
सेवा का अवसर मिला है : केके शर्माबोर्ड के सदस्य बनाए गए एमिल फार्मा के प्रबंधन निदेशक एवं दिल्ली के समाजसेवर केके शर्मा वर्षो से वैष्णो देवी की पवित्र गुफा में विकास और सेवा कार्य करते आ रहे हैं। वह वैष्णो देवी के भोग के लिए फलों की सेवा और सजावट के लिए फूलों की सेवा के अलावा पवित्र गुफा और परिसर में पत्थरों व टाइल्स लगवाने में योगदान करते रहे हैं।
बोर्ड सदस्य चुने जाने पर उन्होंने कहा कि वे पहले भी सेवा करते रहे हैं और अब उन्हें और बेहतर सेवा करने का मौका मिलेगा। शर्मा ने कहा कि यह वास्तव में माता को उनकी सेवाओं का विस्तार है। राज्यपाल माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के पदेन अध्यक्ष होते हैं।