जहरीला पदार्थ निगलने से सैनिक की मौत प्रेमिका ने भी की आत्महत्या की कोशिश
पुलिस के अनुसार सैनिक रजनीश कुमार पुत्र प्रकाशचंद अरनिया में रहता है। वह उत्तर प्रदेश में तैनात है। पिछले दिनों जब वह सेना से छुट्टी लेकर अपने घर आया तो अपने साथ अपनी प्रेमिका को भी लेकर आया था।
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : सीमावर्ती कस्बा अरनिया के रहने वाले एक शादीशुदा सैनिक ने प्रेम प्रसंग में पड़ने के बाद घरेलू कलह से आजिज आकर अपने घर में कोई जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। उसकी प्रेमिका ने भी आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। अस्पताल में उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार सैनिक रजनीश कुमार पुत्र प्रकाशचंद अरनिया में रहता है। वह उत्तर प्रदेश में तैनात है। पिछले दिनों जब वह सेना से छुट्टी लेकर अपने घर आया तो अपने साथ अपनी प्रेमिका को भी लेकर आया था। इससे उसकी पत्नी का आए दिन रजनीश के साथ विवाद होने लगा। कहासुनी बढ़ने पर मामला थाने तक पहुंच गया। रजनीश की पत्नी ने अरनिया थाने में अपने पति पर उसके साथ मारपीट करने की शिकायत दर्ज करवाई।
इससे आहत होकर रजनीश ने अपने घर में कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ती देखकर परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, रजनीश द्वारा जहर निगल लेने की भनक लगते ही उत्तर प्रदेश से उसके साथ आई उसकी प्रेमिका ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।
उसे भी लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। देर रात समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत स्थिर बनी हुई थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। गाड़ी में नहीं खींच पाने पर सिरफिरे युवक ने महिला को बुरी तरह पीटा संवाद सहयोगी, बिश्नाह : क्षेत्र के पल्ली मोड़ गांव में अधेड़ उम्र की महिला को गांव के ही एक सिरफिरे युवक ने पीटकर घायल कर दिया।
वह महिला को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाना चाह रहा था। जब महिला ने विरोध किया तो उसने उसकी बुरी तरह पिटाई की। बिश्नाह के पल्ली मोड़ इलाके में रहने वाली महिला कृष्णा देवी ने इस संबंध में बिश्नाह थाने में मामला दर्ज करवाया है। उसने पुलिस को बताया कि वह किसी काम के सिलसिले में सड़क से जा रही थी। इसी बीच गांव के ही रहने वाले शंभुनाथ ने उसका रास्ता रोककर जबरदस्ती अपनी कार में खींचकर बैठाने लगा। जब कृष्णा देवी ने युवक के साथ कार में जाने से मना किया तो शंभूनाथ ने बुरी तरह पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस बीच महिला अपने को शंभुनाथ से बचाने के लिए गुहार लगाती ही। उसकी आवाज सुनकर बाद में लोग मौके पर पहुंचे, तब तक शंभुनाथ वहां से फरार हो गया था। लोगों घायल अवस्था में कृष्णा देवी को बिश्नाह उपजिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने महिला की शिकायत का कड़ा संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।