Jammu Kashmir Weather Update: एक बार फिर बदलेंगे मौसम के मिजाज, बर्फबारी-बारिश की संभावना, हाइवे एकतरफा खुला
मौसम विभाग श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि पश्चिमी मौसम का दबाव बनने लगा है। 20 दिसंबर से राज्य में फिर बारिश व बर्फबारी की संभावना है।
जम्मू, जेएनएन। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। वहीं कश्मीर संभाग में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे है। लेह, कारगिल, गुलमर्ग आदि क्षेत्रों में पिछले पखवाडे़ से अधिकतम तापमान भी माइन्स रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार आज वीरवार शाम से उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के आसार है। जम्मू-श्रीनगर हाइवे एक तरफा खुला है। आज श्रीनगर से जम्मू आने वाले वाहनों को हाइवे पर उतरने की अनुमति दी गई है।
इस समय शीतलहर के साथ-साथ कोहरा परेशानी का कारण बना हुआ है। अधिकतर क्षेत्रों में कोहरे के चलते रात को ही नहीं सुबह नौ बजे तक पेड़ पौधों से पानी टपक रहा होता है। सुबह उठने पर ऐसा अहसास होता है जैसे रात को बारिश हुई हो। अधितर क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाये हुए हैं।
बुधवार भी मौसम सर्द ही रहा। दोपहर को कुछ देर के लिए सूर्य देव के दर्शन हुए लेकिन फिर से बादलों ने सूर्य काे अपने आगोश में ले लिया। कोहरे के चलते जीवन थम सा गया है। तेज रफ्तार दौड़ने वाली गाड़ियों को भी कोहरे और ओस के चलते रैंगने को विवश होना पड़ता है। आज सुबह कोहरा कुछ कम था लेकिन आठ बजे के बाद कोहरा छाने लगा। देखते ही देखते इतना कोहरा छा गया कि दस फिट की दूरी पर देखना मुश्किल था। दस बजे के बाद कोहरा कुछ कम हुआ। आज सुबह श्रीनगर का अधिकतम तामपान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान -2.3 डिगग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू का अधिकतम तापमान 15.4, न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का न्यूनतम तापमान -12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि पश्चिमी मौसम का दबाव बनने लगा है। 20 दिसंबर से राज्य में फिर बारिश व बर्फबारी की संभावना है।
जम्मू-श्रीनगर हाइवे एक तरफा खुला
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे फिलहाल आंशिक रूप से खुला हुआ है। आज श्रीनगर से जम्मू की ओर वाहनों का भेजा जा रहा है। हाइवे पर यातायात सुचारू रूप से चले इसके लिए जम्मू से श्रीनगर की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को नगरोटा, ऊधमपुर जखैनी आदि में रोक दिया गया है। ट्रैफिक विभाग के इंस्पेक्टर जनरल आलोक कुमार ने हाइवे पर चलने वाले चालकों को नसीहत दी है कि वे हाइवे पर उतरने से पहले नजदीकी ट्रैफिक कंट्रोल रूम से संपर्क कर स्थिति जान लें, अन्यथा हाइवे पर फंसने की आशंका रहेगी। ट्रैफिक विभाग का कहना है कि रामबन में हाइवे एक तरफा खुला हुआ है। जाम की स्थिति पैदा न हो इसीलिए यहां से एक तरफा वाहन छोड़े जा रहे हैं। आज श्रीनगर से जम्मू जाने वाले वाहनों को अनुमति दी गई है।