Jammu Kashmir Weather: कश्मीर घाटी में तीसरे दिन भी बर्फबारी का सिलसिला जारी, कल शुष्क रहेगा मौसम
मुगल रोड व श्रीनगर-लेह मार्ग को अभी भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया है। यहां अभी भी बर्फबारी हो रही है। ट्रैफिक विभाग का कहना है कि इन मार्गों को पूरी तरह खोलने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
श्रीनगर, जेएनएन: जम्मू-कश्मीर में 26 नवंबर से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। कश्मीर संभाग और पीरपंजाल पर्वत श्रृंखला में पिछले दो दिनों से जारी बर्फबारी का सिलसिला आज भी जारी है। वहीं कश्मीर घाटी में गुलमर्ग, पहलगाम, शोपियां और दूसरे कुछ क्षेत्रों में ही बर्फबारी हो रही है। अन्य नीचले इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। जम्मू व श्रीनगर में इन तीन दिनों में तापमान में गिरावट होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज भी कश्मीर घाटी व जम्मू संभाग में मौसम के मिजाज इसी तरह सख्त रहेंगे परंतु कल वीरवार से मौसम में सुधार होना शुरू हो जाएगा। वहीं वहीं जवाहर टनल पर गिरी बर्फ हटने व रामबन में मलवा हटाने के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे को एक तरफा खोल दिया गया है। मुगल रोड व श्रीनगर-लेह मार्ग को अभी भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया है। यहां अभी भी बर्फबारी हो रही है। ट्रैफिक विभाग का कहना है कि इन मार्गों को पूरी तरह खोलने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। बर्फ हटाने के बाद भी सड़क पर फिसलन रहती है। ऐसे में अगर वाहनों काे यहां से गुजरने की इजाजत दे दी गई तो यह उनके लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर में आज भी कई नीचले इलाकों में बारिश व पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। 26 नवंबर से मौसम में सुधार होना आरंभ हो जाएगा। कश्मीर घाटी में कई ऊंचाई वाले इलाकों में कल से ही रूक-रूककर बर्फबा हो रही है। उत्तरी कश्मीर में विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में रात के दौरान लगभग छह इंच ताजा बर्फबारी हुई है।
वीरवार दोपहर बाद मौसम साफ होने लगेगा।मौसम साफ होने के बाद तापमान में गिरावट आएगी। बादल छाए रहने के बाद तापमान अभी सामान्य के आसपास ही चल रहा है।पिछले 24 घंटों में गुलमर्ग में सबसे ज्यादा 41.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। पहलगाम में 22.8 एमएम, कुपवाड़ा में 17.0 एमएम, बनिहाल में 24.0 एमएम, बटोत में 10.4 एमएम, भद्रवाह में 6.0 एमएम, कटड़ा में 0.8 एमएम, लेह कारगिल, जम्मू में हल्की बूंदाबांदी हुई।
गत मंगलवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 20.5, न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। कटड़ा का अधिकतम 17.2 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बनिहाल का अधिकतम तापमान 6.4, न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भद्रवाह का अधिकतम तापमान 8.9, न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा।श्रीनगर का अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। काजीगुंड का अधिकतम तापमान 6.3, न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा।पहलगाम का अधिकतम तापमान 3.0, न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
कुपवाड़ा का अधिकतम तापमान 2.9 न्यूनतम तापमान -0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कुकरनाग का अधिकतम तापमान 5.3, न्यनूतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 0.0 जबिक न्यूनतम तापमान -7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान -2.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कारगिल का अधिकतम तापमान 0.3, न्यूनतम तापमान -4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस बीच कश्मीर के शोपियां और जम्मू संभाग के जिला पुंछ को जोड़ने वाला मुगल रोड और श्रीनगर-लेह मार्ग बर्फ जमा होने के कारण तीसरे दिन भी यातायात के लिए बंद रहा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे को फिलहाल एक तरफा खोला गया है परंतु ट्रैफिक विभाग के कर्मचारी लगातार मौसम व सड़क की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मौसम खराब होने या फिर भूस्खलन की संभावना के मद्देनजर हाईवे को बंद कर दिया जाएगा।