कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा : भटनागर
इस्लामिक यूनिवर्सिटी आफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी अंवतीपोरा से जुड़े सैयद मंताकी मेमोरियल कालेज आफ नर्सिंग एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी के वार्षिक दिवस पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस का उद्घाटन करते हुए भटनागर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में नर्स की भूमिका अहम है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर ने कहा है कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत जम्मू कश्मीर में कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस्लामिक यूनिवर्सिटी आफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी अंवतीपोरा से जुड़े सैयद मंताकी मेमोरियल कालेज आफ नर्सिंग एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी के वार्षिक दिवस पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस का उद्घाटन करते हुए भटनागर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में नर्स की भूमिका अहम है।
विश्वविद्यालय में कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के विस्तार के लिए काफी संभावनाएं हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा नई शिक्षा नीति के तहत जम्मू कश्मीर में कौशल विकास को बढ़ावा दे रहे हैं। विश्वविद्यालय को अकादमिक का प्रमुख केंद्र बनाने में सहयोग दिया जाएगा। वीसी प्रो. शकील अहमद रमसू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं विशेषकर हृदय रोग का इलाज मौजूदा समय में चुनौती है। नर्स को स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिक तकनीक की जानकारी होनी चाहिए।
डेपूटेशन पर भेजे गए तीन अधिकारियों को वापस बुलाया : केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में डेपूटेशन पर भेजे गए तीन अधिकारियों को वापस जम्मू कश्मीर बुला लिया गया है। तीन अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। सामान्य प्रशासनिक विभाग की तरफ से जारी आदेश के तहत वापस बुलाए गए तीन अधिकारियों में जूनियर इंजीनियर सिविल जफर हुसैन भट्ट, जूनियर इंजीनियर सिविल शौकत अली शेख, पुरुषोत्तम कुमार शामिल हैं। वहीं जम्मू कश्मीर से तीन अधिकारियों को डेपूटेशन पर लद्दाख भेजा गया है। इनमें जूनियर इंजीनियर सिविल रोहित खजूरिया, फहीम रियाज और आकिब शरीफ जरगर शामिल हैं। इन्हें लद्दाख के सामान्य प्रशासनिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है।