दिल दहलाने वाली घटना, छह वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या
जिस बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या हुई वह माता-पिता की इकलौती संतान थी। श्रमिक फैक्टरी में काम कर गुजारा करता था।
सांबा, संवाद सहयोगी। सांबा के सिडको औद्योगिक क्षेत्र में दिल दहलाने वाली घटना हुई, जिसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। इससे इंसानियत भी शर्मसार हुई है। छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। सांबा के सिडको इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिक की छह वर्षीय बेटी सोमवार शाम घर से लापता हो गई। श्रमिक फैक्टरी के पास ही झुग्गी में रहता है।
आसपास ढूंढने पर भी बच्ची का पता नहीं चला तो वह रख अंब टाली पुलिस चौकी जाकर सूचना दी। इसी दौरान झुग्गी से करीब 200 मीटर की दूरी पर बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्ची का शव कब्जे में लेकर रात को ही क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपित को दबोच लिया। कथित तौर पर इस मामले में जिस युवक को दबोचा है, उसकी पहचान विशाल उर्फ छोटू निवासी गांव ओमरिया, जिला छतरपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित का मेडिकल भी करवाया।
आज आरोपित को रिमांड पर लेंगे
एसएसपी शक्ति पाठक ने बताया कि आरोपित को पुलिस बुधवार को न्यायालय में पेश कर उसका रिमांड लेगी। मंगलवार को छुट्टी होने के कारण बुधवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
माता-पिता की इकलौती बेटी थी
जिस बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या हुई, वह माता-पिता की इकलौती संतान थी। श्रमिक फैक्टरी में काम कर गुजारा करता था। वह, पत्नी व बच्ची के साथ झुग्गी में रहता था। इकलौती संतान को खोने के बाद माता-पिता सुध-बुध खो बैठे हैं।