सिंबल कैंप से निकाले नगर कीर्तन में सिख संगत ने बढ़ चढ़कर लिया हिस्सा
नगर कीर्तन को महंत मनजीत सिंह ने सिंबल कैंप वार्ड नंबर 5 स्थित स्थानीय गुरुद्वारे से झंडी दिखाकर रवाना करवाया। नगर कीर्तन सिंबल टेकरी लिंक रोड टाली मोड़ और मीरां साहिब प्रेम नगर आदि से होते हुए गांव इंदिरा नगर स्थित स्थानीय गुरुद्वारे में जाकर संपन्न हुआ।
मीरां साहिब, संवाद सहयोगी : क्षेत्र के गांव सिंबल कैंप से रविवार को गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। सिख नौजवान सभा सिंबल कैंप की ओर से निकाले गए नगर कीर्तन में सैकड़ों सिख संगत ने भाग लिया, हालांकि सुबह काफी ठंड थी इसके बावजूद संगत सैकड़ों की संख्या में उमड़ी और नगर कीर्तन में भाग लेकर उत्साह बढ़ाया। नगर कीर्तन को महंत मनजीत सिंह ने सिंबल कैंप वार्ड नंबर 5 स्थित स्थानीय गुरुद्वारे से झंडी दिखाकर रवाना करवाया। नगर कीर्तन सिंबल टेकरी लिंक रोड टाली मोड़ और मीरां साहिब प्रेम नगर आदि से होते हुए गांव इंदिरा नगर स्थित स्थानीय गुरुद्वारे में जाकर संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन के दर्शन के लिए सड़क के दोनों और लोग खड़े होकर उसका स्वागत कर रहे थे और गुरु की पालकी पर फूल बरसा रहे थे। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की और खासकर गुरु की पालकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। गांव टाली मोड में बीडीसी चेयरमैन दिलीप कुमार ने पंज प्यारों के गले में सिरोपा डालकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान जो बोले सो निहाल से क्षेत्र गूंज उठा। प्रचारकों ने गुरु साहेब की जीवनी पर रोशनी डाली इस दौरान गतका पार्टी ने हैरतअंगेज कर्तव्य दिखाएं और संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आल जम्मू कश्मीर सिख यूनिटी फोरम के राज्य महासचिव और कांग्रेस किसान सेल के वरिष्ठ नेता बलबीर सिंह अजी कांग्रेस नेता गुरमीत सिंह सुदन युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार खुशवंत सिंह आदि ने संगत को गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव पर निकाले गए नगर कीर्तन के दौरान बधाई दी और संगत द्वारा बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। नगर कीर्तन के दौरान जम्मू-आरएसपुरा मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और ट्रैफिक पुलिस ने लिंक मार्गों की तरफ यातायात को मोड़ दिया और सारा दिन जाम की स्थिति ही रहे।