Move to Jagran APP

IISF World Cup 2021: जम्मू कश्मीर के शूटर चैन सिंह ने लगाया सोने पर निशाना, LG मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर दी बधाई

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय शूटर चैन सिंह ने आइएसएसएफ विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन पुरुष टीम स्पर्धा में भाग लेकर स्वर्ण पदक जीता। चैन की इस शानदार उपलब्धि पर प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर बधाई दी।

By Vikas AbrolEdited By: Published: Sat, 27 Mar 2021 03:09 PM (IST)Updated: Sat, 27 Mar 2021 04:31 PM (IST)
IISF World Cup 2021: जम्मू कश्मीर के शूटर चैन सिंह ने लगाया सोने पर निशाना, LG मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर दी बधाई
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय शूटर चैन सिंह ने आइएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता।

जम्मू, विकास अबरोल। IISF World Cup 2021: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय शूटर चैन सिंह ने आइएसएसएफ विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन पुरुष टीम स्पर्धा में भाग लेकर स्वर्ण पदक जीता। चैन की इस शानदार उपलब्धि पर प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि ''जम्मू कश्मीर के शूटर चैन सिंह को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। चैन ने यह कारनामा कर न सिर्फ जम्मू कश्मीर का नाम रोशन किया है बल्कि प्रदेश के हरेक नागिरक को उनके इस प्रदर्शन पर नाज है। मेरी शुभकामनाएं हमेशा आपके साथ हैं। आप हमेशा कामयाब रहें''।

loksabha election banner

कौन हैं शूटर चैन सिंह

शूटर चैन सिंह केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय शूटर हैं। वह जम्मू संभाग के डोडा जिला के दूरदराज क्षेत्र के गांव भलेसा के रहने वाले हैं। वह सेना में सूबेदार हैं और सेना में भर्ती होने के उपरांत ही उनमें शूटिंग करने का शौक पैदा हुआ। सेना ने भी उनके इस जुनून को ऐन वक्त पर समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और आज नतीजा सभी के सामने है। चैन सिंह ने वर्ष 2016 में रियो ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया था। हालांकि इस दौरान वह बीमार भी पड़ गए थे। इस खबर के तुरंत बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में चैन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की थी।

चैन सिंह को वर्ष 2015 के अगस्त महीने में अजरबाईजान के गाबाला में आयोजित आइएसएसएफ विश्व कप में 50 मीटर वर्ग में भाग लेकर 403.7 अंकों के साथ आठवां स्थान हासिल हुआ था। यहीं वजह है कि वह ओलंपिक में कोटा के आधार पर जगह बनाने में कामयाब रहे। चूंकि उन्हें कुल मिलाकर 1200 में से 1174 अंक हासिल हुए थे जो ओलंपिक में कोटा के आधार पर क्वालीफाई करने के लिए काफी थे।

चैन सिंह ने कहा कि यह सब उनके मां-बाप मान राज और माता नीलमा देवी के आर्शीवाद का ही नतीजा है। चैन सिंह ने अब तक इंडियन नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 55 से अधिक पदक जीते हैं। इसके अलावा वह आठ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। चैन सिंह की सफलता पर उनके परिजनों में काफी खुशी का माहौल है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.