शमशेर सिंह ने राज्यसभा में उठाया महाराजा हरि सिंह की जयंती पर छुट्टी का मुद्दा
राज्यसभा के सदस्य व जम्मू कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह मन्हास ने महाराजा हरि सिंह के जन्म दिवस पर छुट्टी करने का मुद्दा संसद में उठाया। शमशेर सिंह मन्हास ने कहा कि महाराजा के जन्मदिन की छुट्टी का मुद्दा जम्मू क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं से जुड़ा हुआ है। यह मुद्दा काफी समय से उठता आ रहा है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्यसभा के सदस्य व जम्मू कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह मन्हास ने महाराजा हरि सिंह के जन्म दिवस पर छुट्टी करने का मुद्दा संसद में उठाया।
शमशेर सिंह मन्हास ने कहा कि महाराजा के जन्मदिन की छुट्टी का मुद्दा जम्मू क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं से जुड़ा हुआ है। यह मुद्दा काफी समय से उठता आ रहा है। ऐसे में महाराजा के योगदान व जम्मू वासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए उनके जन्मदिन पर छुट्टी की जाए।
शमशेर सिंह ने जम्मू कश्मीर भाषा बिल 2020 के तहत डोगरी व कश्मीरी भाषाओं को आधिकारिक भाषा का दर्जा देने पर केंद्र सरकार का आभार भी जताया। बुधवार को शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से प्रदेश की एक बड़ी आबादी की उम्मीदें पूरी हुई हैं।
राज्यसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद को निशाना बनाते हुए मन्हास ने कहा कि आजाद ने जम्मू क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया। मन्हास ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इसी तरह से क्षेत्रीय भाषाओं व सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्रवाई करती रहेगी।