Jammu Kashmir: सेवा भारती ने कोविड-19 टीकाकरण के लिए शुरू किया जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन सेवा भी जारी
सेवा भारती जम्मू कश्मीर ने अपने सेवा कार्यों का विस्तार करते हुए जम्मू संभाग के बाद कश्मीर में भी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जन जागरण अभियान की शुरुआत कर दी है।
जम्मू, जागरण संवाददाता : सेवा भारती जम्मू कश्मीर ने अपने सेवा कार्यों का विस्तार करते हुए जम्मू संभाग के बाद कश्मीर में भी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जन जागरण अभियान की शुरुआत कर दी है।
उपायुक्त श्रीनगर मोहम्मद एजाज असद ने अपने आवास से एम्बुलेंस वैन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। एम्बुलेंस वैन के माध्यम से सेवा भारती कोरोना से व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में आम जनता को टीकाकरण करवाने के लिए प्रेरित करेगी और बिना किसी डर के टीकाकरण के लिए लोगों का पंजीकरण करवाएगी।
गत वर्ष भी लाॅकडाउन के दौरान कोविड-19 से बचाव संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में राहत कार्य चलाए थे। इस अभियान के दौरान सभी 18 वर्ष और उससे अधिक के नागरिकों के पंजीकरण की विस्तृत प्रक्रिया को ऑडियो-विजुअल संदेशों और मुद्रित सामग्री के माध्यम से समझाया जाएगा। आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण और खाद्य पदार्थ जैसे कि फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर और जरूरतमंदों को राशन भी इस अभियान के दौरान वितरित किया जाएगा।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित सेवा भारती के जम्मू-कश्मीर उपाध्यक्ष डा. फारूक उपाध्यक्ष और डा. मनोज गुर्जर ने कहा कि सेवा भारती के सदस्य घाटी में समाज की सेवा के लिए सक्रिय रूप से काम करेंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान लोगों की सुविधा के लिए सेवा भारती ने कश्मीर में भी हेल्पलाइन शुरू की है और कोई भी जरूरतमंद किसी भी समय मोबाइल नंबर 9419059258 पर संपर्क कर सकता है। सेवा भारती उसकी हर प्रकार से मदद करेगी। उन्होंने बताया कि सेवा भारती के सदस्य कश्मीर में इस कोविड-19 के दौरान समाज की निस्वार्थ सेवा के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।