Jammu Kashmir Union Territory: केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पहले एडवोकेट जनरल बने डीसी रैना
11 सितंबर 1950 को जन्में डीसी रैना ने रणबीर हायर सेकेंडरी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने के बाद जीजीएम साइंस कालेज से स्नातक की पढ़ाई की। 1974 में उन्होंने लॉ किया।
जम्मू, जेएनएन। केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पहले लेफ्टिनेंट गवर्नर गिरिश चंद्र मुर्मू ने पदभार संभालने के बाद सीनियर एडवोकेट डीसी रैना को केंद्र शासित जम्मू कश्मीर के एडवोकेट जनरल पद पर नियुक्त किया है। इससे पहले रैना जम्मू-कश्मीर राज्य में एडवोकेट जनरल थे। संवैधानिक बदलाव के बाद लेफ्टिनेंट गवर्नर ने रिक्त हुए एडवोकेट जनरल के पद पर दोबारा रैना की नियुक्ति की है।
जम्मू-कश्मीर में भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार के गिरते ही राज्य में राज्यपाल शासन लागू हाे गया था। गठबंधन सरकार की आेर से नियुक्त तत्कालीन एडवोकेट जनरल जहांगीर इकबाल गनई ने उसी दौरान अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद तत्कालीन राज्यपाल एनएन वोहरा ने सीनियर एडवोकेट डीसी रैना को जम्मू-कश्मीर राज्य का नया एडवोकेट जनरल नियुक्त किया था।
अनुच्छेद 370 हटने के बाद 31 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनते ही रैना की सेवाएं समाप्त हो गइ थी। एेसे में लेफ्टिनेंट गवर्नर गिरिश चंद्र मुर्मू के निर्देश पर विधि न्याय व संसदीय मामलों के विभाग ने आज शुक्रवार को जारी किए गए इस आदेश में एडवोकेट जनरल डीसी रैना को एडवोकेट जनरल नियुक्त करते हुए उन्हें पहले की तरह ही सभी सुविधाएं व भत्ते देने की बात कही है।
11 सितंबर 1950 को जन्में डीसी रैना ने रणबीर हायर सेकेंडरी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने के बाद जीजीएम साइंस कालेज से स्नातक की पढ़ाई की। 1974 में उन्होंने लॉ की डिग्री हासिल की।