Jammu: दुकानदारों में कूड़ेदान बांटकर स्वच्छता बनाए रखने में मांगा सहयोग
नगर निगम ने शहर वासियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम शुरू किए हुए हैं। पूर्णिमा ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वार्ड में विकास कार्यों में तेजी लाई गई है। आने वाले समय में पंजतीर्थी में पार्किंग के अलावा कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शहर में शुरू होंगी।
जम्मू, जागरण संवाददाता: डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने शहर के वार्ड नंबर एक, पंजतीर्थी में दुकानदारों में मुफ्त कूड़ेदान वितरित किए। व्यापारियों व दुकानदारों से कहा गया कि वे शहर को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। अपने प्रतिष्ठानों के कचरे को कूड़ेदानों में डालकर निगम कर्मियों को ही सौंपे। इस मौके पर पूर्णिमा ने कहा कि हम दुकानदारों में निश्शुल्क कूड़ेदान बांट रहे हैं ताकि दुकानों का कचरा खुले में न जाए। यहीं से नगर निगम के वाहन कचरा जमा कर लेंगे। इससे शहर में सफाई व्यवस्था बनाने में सुविधा होगी।
नगर निगम ने शहर वासियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम शुरू किए हुए हैं। पूर्णिमा जोकि वार्ड एक से कॉरपोरेटर भी हैं, ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वार्ड में विकास कार्यों में तेजी लाई गई है। आने वाले समय में पंजतीर्थी में पार्किंग के अलावा कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शहर में शुरू होंगी। इस मौके निगम की सचिव टीना महाजन ने कहा कि कचरा निस्तारण के लिए शहर वासियों को जागरुक करने के लिए कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
शहर वासियों को स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में भाग लेना है। इसलिए जरूरी है कि वे शहर को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। अपनी जिम्मेवारी का निर्वाह करें। स्वच्छता सर्वेक्षण का मकसद कचरा निस्तारण प्रबंधन व्यवस्था में लोगों की भागीदारी बढ़ाना है। शहर को खुले में शौच और कचरा मुक्त बनाना है। इस मौके पर सेनेटरी सुपरवाइजर गुलशन, रजनीश शर्मा, रोहित परिहार, गोपाल शर्मा, विजय कुमार, शुभलता शर्मा, गोपाल मगोत्रा, बृज सिंह सलाथिया आदि मौजूद थे।