जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण के एक दिन में रिकार्ड 5992 नए मामले दर्ज, सात की मौत
वीरवार को आए 5992 मामलों में से 4072 कश्मीर संभाग और 1920 लोग शामिल हैं। जम्मू संभाग में आए मामलों में सबसे अधिक 1277 मामले जम्मू जिले से आए हैं। इनमें लड़कियों के हाई स्कूल गांधीनगर में सबसे अधिक 60 लोग संक्रमित मिले।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण के मामले तीसरी लहर में हर दिन नया रिकार्ड बना रहे हैं। वीरवार को 5992 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं जम्मू और श्रीनगर जिलों में भी लगातार हर दिन रिकार्ड मामले अा रहे हैं। यही नहीं पिछले चौबीस घंटों में सात कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत भी हुई है। हालांकि इस दौरान 1177 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
नेशनल हेल्थ मिशन से मिले आंकड़ों के अनुसार, वीरवार को आए 5992 मामलों में से 4072 कश्मीर संभाग और 1920 लोग शामिल हैं। जम्मू संभाग में आए मामलों में सबसे अधिक 1277 मामले जम्मू जिले से आए हैं। इनमें लड़कियों के हाई स्कूल गांधीनगर में सबसे अधिक 60 लोग संक्रमित मिले। यहां कुल 278 लोगों की जांच की गई। वहीं नागरिक सचिवालय में कुछ कर्मचारियों सहित 12 लाेग संक्रमित आए। इसके अलावा आधार कार्ड कार्यालय में दो, सब्जीमंडी नरवाल में छह, सुपर बाजार में एक, बस स्टैंड में चार, रघुनाथ बाजार में दो, ज्यूल चाैक पांच, जम्मू लोचन हाल एक, अर्बन हेल्थ सेंटर त्रिकुटा नगर में आठ, मुट्ठी फेस एक में 12 और मोबाइल सैंपलिंग में दस लोग संक्रमित आए। इसके अलावा 24 यात्री भी संक्रमित आए हैं।
इसी तरह ऊधमपुर जिले में 41 यात्रियों सहित 200 लोग संक्रमित आए हैं। इसके अलावा राजौरी में 70, डोडा में 72, कठुआ 105, सांबा 86, किश्तवाड़ 47, पुंछ में 23, रामबन मं 42 और रियासी में 58 मामले आए। जम्मू संभाग में कुल 104 यात्री संक्रमित आए हैं।
कश्मीर संभाग में सबसे अधिक 1306 मामले श्रीनगर जिले में आए। इसके अलावा बारामुला में 825, बडगाम में 636, पुलवामा में 125, कुपवाड़ा में 137, अनतंनाग में 259, बांडीपोरा में 237, गांदरबल में 270 और कुलगाम में 243 मरीज आए। कश्मीर संभाग में कुल 14 यात्री संक्रमित आए। इसी तरह पिछले चौबीस घंटों में कुल सात कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें पांच जम्मू संभाग और दो कश्मीर संभाग के रहने वाले हैं।
जम्मू संभाग में दो मरीजों की माैत जम्मू जिले में हुई। इनमें एक उत्तराखंड का रहने वाला था। वह इस समय अखनूर में रह रहा था। वहीं एक अन्य 80 वर्षीय पलौड़ा का रहने वाला था। वहीं एक 58 साल की मेंडश्र की रहने वाली महिला की भी कोविड के कारण मौत हुई। अभी तक जम्मू जिले में सबसे अधिक 1177 मरीजों की मौत हो चुकी है।वहीं लगातार मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। वीरवार को कुल 1177 मरीज स्वस्थ हुए। अब जम्मू-कश्मीर में कुल 31,044 सक्रिय मरीज हो गए हैं। सबसे अधिक श्रीनगर जिले में 7367 मरीज हैं जबकि जम्मू जिले में दूसरे नंबर पर 6675 मरीज हैं। तीसरे स्थान पर 4619 मरीज बारामुला जिले में आए हैं।