गुपचुप जम्मू दौरा कर लौटे राम माधव राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की बैठकें
राष्ट्रीय महासचिव के इस सीमित दौरे से पार्टी में मंत्रियों के फेरबदल की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। सीमा पर पाकिस्तानी गोलाबारी से उपजे हालात के बीच को गुपचुप जम्मू दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने राज्यपाल एनएन वोहरा व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बैठकें कर ताजा हालात व सरकार के कामकाज पर चर्चा की। राम माधव चंद नेताओं से मिलकर दिल्ली भी लौट गए। राष्ट्रीय महासचिव के इस सीमित दौरे से पार्टी में मंत्रियों के फेरबदल की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
सूत्रों के अनुसार, राम माधव ने मुख्यमंत्री से मंत्रिमंडल फेरबदल में भाजपा के कुछ मंत्रियों को बदलने के मुद्दे पर भी चर्चा की है, हालांकि आधिकारिक रूप से इसकी किसी ने पुष्टि नहीं की है। दोपहर करीब तीन बजे वह दिल्ली लौटे गए। ऐसे में पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता उनसे दिल की बात नहीं कर पाए। सुबह छह बजे से भाजपा मुख्यालय में राम माधव से मिलने के लिए फोन आना शुरू हो गए थे, लेकिन वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार शाम से ही उनके जम्मू दौरे को गुप्त रखा।
वहीं जम्मू में राम माधव ने उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल व प्रदेश महासचिव डॉ. नरेन्द्र सिंह समेत कुछ नेताओं से बैठक की। इस दौरान विधानसभा में पार्टी की भूमिका, सरकार में समन्वय व सहयोगी पार्टियों में समन्वय व मुख्य मुद्दों पर चर्चा हुई। चंद दिनों में होने वाली सरकार की समन्वय समिति की बैठक में ये मुद्दे पीडीपी के साथ उठाए जाएंगे। बता दें कि पीडीपी ने सरकार में अपने कोटे का मंत्री बनाने के अलावा एक कैबिनेट मंत्री भी अधिक बना लिया है। ऐसे में भाजपा के पास भी अपने एक राज्यमंत्री को पदोन्नत करने का विकल्प पैदा हो गया है। इसके साथ पार्टी के वाइस चेयरमैन बनाने का मसला भी लगातार पिछड़ता जा रहा है। पीडीपी ने अपने 12 वाइस चेयरमैन बना लिए हैं, जबकि भाजपा के सिर्फ पांच वाइस चेयरमैन ही बने हैं। पार्टी नेता विरेन्द्रजीत सिंह को वाइस चेयरमैन बनाने की घोषणा के बाद आगे की कोई कार्रवाई भी नहीं हुई है।