Jammu: हक्कू स्टेडियम में देशव्यापी फिट इंडिया मूवमेंट रन के तहत दौड़ आयोजित
काेरोनाकाल में खेल गतिविधियां ठप होकर रह गई हैं लेकिन कुछ मार्शल आर्टस खेलों जिनमें वुशु और ताइक्वांडो प्रमुख है का ऑनलाइन के माध्यम से आयोेेजन किया गया।
जम्मू, जागरण संवाददाता: भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के जम्मू केंद्र द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट रन के तहत दौड़ का आयोजन किया गया। केके हक्कू एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में आयोजित दौड़ साई के जम्मू केंद्र के उपनिदेशक अशोक कुमार शर्मा और हक्कू एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम के मैनेजर अशोक सिंह की देखरेख में आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश के एकमात्र द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कुलदीप हांडू मुख्य अतिथि थे।
साई के उपनिदेशक व स्टॉफ के अन्य सदस्यों ने बुधवार सुबह सात बजे आयोजित दौड़ से पहले कुलदीप हांडू को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। कोरोना वायरस संक्रमण से रोकथाम के लिए शारीरिक दूरी का पूरी तरह से पालन किया गया। केके हक्कू एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में कुछ पल के लिए सभी प्रतिभागियाें ने देशव्यापी फिट इंडिया मूवमेंट रन के तहत आयोजित दौड़ में भाग लिया। कुलदीप हांडू ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की इस सार्थक पहल का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि काेरोनाकाल में खेल गतिविधियां ठप होकर रह गई हैं लेकिन कुछ मार्शल आर्टस खेलों जिनमें वुशु और ताइक्वांडो प्रमुख है, का ऑनलाइन के माध्यम से आयोेेजन किया गया। इसमें समूचे देश के विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ियों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ऑनलाइन मार्शल आटर्स खेलों का आयोजन जारी है। इसमें सभी बच्चों को भाग लेना चाहिए क्योंकि खेलों में भाग लेने और शारीरिक गतिविधियां करने से काेरोना को हराने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
भारतीय खेल प्राधिकरण जम्मू केंद्र के उपनिदेशक अशोक कुमार शर्मा, वरिष्ठ क्रिकेट कोच वीरेंद्र कुमार शर्मा, सतपाल शर्मा शर्मा, अमन शर्मा, अशोक सिंह सहित स्टॉफ के अन्य सदस्यों ने कुलदीप हांडू को द्रोणाचार्य पुरस्कार पाने के लिए मुबारकबाद दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य प्रतिभाशाली कोच और खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भारत का नाम समूचे विश्व में रोशन करने में कामयाब रहेंगे।