Jammu : बढ़ते आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ किया प्रदर्शन
कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती व कांग्रेसी नेता सैफुद्दीन सोज के खिलाफ भी जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह नेता जोकि संविधान के बड़े पद पर भी बैठ चुके हैं उसके बाद भी देश के खिलाफ ही बयान देते हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता : पुंछ में आतंकियों द्वारा किए गए हमले के विरोध में डोगरा फ्रंट शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया और पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए। वहीं जम्मू-कश्मीर में रहकर आतंकियों का समर्थन करने वाले कश्मीर आधारित नेताओं की जमकर आलोचना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान से तो देश निपटेगा ही, मगर देश के अंदर बसे दुश्मन लोगों को सबक सिखाना जरूरी है। महबूबा हो या दूसरे कश्मीरी नेता, इनकी दोहरी नीति है और इनको जेल की सजा दी जानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती व कांग्रेसी नेता सैफुद्दीन सोज के खिलाफ भी जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह नेता जोकि संविधान के बड़े पद पर भी बैठ चुके हैं, उसके बाद भी देश के खिलाफ ही बयान देते हैं। इन नेताओं को सीधे जेल भेजी जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने बाद में रैली भी निकाली। मौके पर संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री रह चुकी महबूबा मुफ्ती को सेना और आतंकी गोली में फर्क नजर नहीं आता। जबकि कांग्रेस के सोज बातचीत करने की वकालत करते रहे हैं। देश हित की बात नहीं करने वालों से अब निपटने का समय आ गया है।
अशोक गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तान लगातार आतंकवाद जम्मू-कश्मीर भेज रहा है। क्योंकि आतंक को पनाह देने वाले कई देशद्रोही जम्मू कश्मीर में रह रहे हैं। इनकी खोज की जानी चाहिए। अशोक गुप्ता ने कहा कि देश में रहकर देश के खिलाफ बात करने वालों को अब पाकिस्तान भेजा जाए या जेलों में बंद किया जाए। घाटी में जो लोग आतंकवाद को पनाह देते हैं, सबसे बड़े दुश्मन हैं। वहीं प्रधानमंत्री को चाहिए कि पाकिस्तान को भी करारा जवाब दे। इनसे सबसे पहले निपटा जाना चाहिए। मौके पर आशीष, अभिषेक, कालू, प्रेम, नरेश, सुरेश, विक्रम आदि उपस्थित थे।