म्यूनिसिपल प्रबंधन के खिलाफ दुकानदारों का प्रदर्शन
कस्बा रामगढ़ स्थित व्यापार मंडल के सदस्यों ने वीरवार को म्यूनिसिपल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर सुलभ शौचालय सुविधा को सार्वजनिक करने की मांग दोहराई है।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ : कस्बा रामगढ़ स्थित व्यापार मंडल के सदस्यों ने वीरवार को म्यूनिसिपल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर सुलभ शौचालय सुविधा को सार्वजनिक करने की मांग दोहराई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कस्बा स्थित म्यूनिस्पिल कमेटी कार्यालय में जो सार्वजनिक शौचालय सेवा उपलब्ध है, उसका व्यापार मंडल सदस्यों व आम लोगों को कोई लाभ नहीं मिल रहा।
स्थानीय व्यापार मंडल सदस्य अवतार सिंह, पंदीप सिंह, विजय कुमार, सुभाष चंद्र, अमित कुमार सहित दर्जनों ने म्यूनिसिपल प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाई। म्यूनिस्पिल प्रबंधन दिनभर शौचालयों पर ताले लटकाए रखता है, जिससे लोगों को मजबूर होकर खुले में शौच करना पड़ता है। कई बार आपात स्थिति व शारीरिक परिभाषा दुरुस्त नहीं होने से व्यापार मंडल क्ै सदस्यों को कई किलोमीटर दूर का सफर तय कर खुले में शौच जाना पड़ता है। व्यापार मंडल सदस्यों ने कहा कि अगर सरकारी कार्यालय परिसर में इस सुविधा को जनता की सेवा में स्थापित किया गया है तो उसका लोगों को लाभ भी मिलना चहिए। अगर जल्द म्यूनिस्पिल प्रबंधन ने व्यापार मंडल सदस्यों की इस मांग पर गौर नहीं किया तो उसको बडे़ स्तर पर रोष प्रदर्शन होगा।
म्यूनिस्पिल कार्यालय अधिकारी ईओ रजत अबरोल ने इस मामले में बताया कि शौचालय सुविधा के सार्वजनिक करने को लेकर व्यापार मंडल व कार्यालय प्रबंधन के बीच सहमति नहीं बन रही। अगर व्यापार मंडल को इस सुविधा का स्थायी लाभ चाहिए तो उसकी स्वच्छता व रखरखाव के लिए होने वाले मामूली खर्च के लिए भी व्यापार मंडल को अपनी सहमति देनी होगी। ईओ ने जल्द इस विषय पर व्यापार मंडल से विशेष बैठक कर समस्या के समाधान पर पहल करने का यकीन दिलाया।