पीडब्ल्यूडी के अस्थायी कर्मचारियों ने मांगा बकाया वेतन
खौड़ में अस्थायी कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया
संवाद सहयोगी खौड़ : खौड़ कस्बे में पीडब्ल्यूडी के अस्थायी कर्मचारियों ने उन्हें जल्द से जल्द स्थायी करने और उनका बकाया वेतन जारी करने की मांग की है। शनिवार को अस्थायी कर्मचारियों के संगठन के प्रधान वासुदेव शर्मा के नेतृत्व में अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी मांग के समर्थन में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वे लंबे अर्से से पीडब्ल्यूडी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनको वेतन नहीं जारी किया जा रहा है। जब अधिकारियों से पूछा जाता है तो उनका एक ही जवाब होता है कि जब फंड आएगा तो वेतन मिल जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे 2004 से पीडब्ल्यूडी में काम कर रहे हैं, लेकिन उनको न तो वेतन मिल रहा है और न कोई सुविधा ही दी जा रही है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन अस्थायी कर्मचारियों की 2017 से नियुक्ति हुई है, उनकी फाइलें पूरी कर उनको बकाया वेतन भी जारी कर दिया गया और समय से हर माह वेतन भी मिल रहा है। जो लोग 2004, 2007 से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। ज्यौड़िया डिवीजन में जो अस्थायी कर्मचारी काम कर रहे हैं, उन्हें साल में एक बार ही वेतन मिलता है। यह सरासर अन्याय है। प्रदर्शन में पुरुषोतम लाल, राज सिंह, बाबूराम, संदोख राम, सिकंदर सिंह कुमार, सोनू कुमार, विरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।