Coronavirus: रेड जोन क्षेत्र पर ड्रोन से नजर रख रही है पुलिस, मजिस्ट्रेट भी हैं तैनात
पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने कहा कि निगम कॉरपोरेटर भी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी तरह से अपने वार्डों में सक्रीय होकर कार्य कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, जम्मू : कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने शहर के जिन क्षेत्रों को रेड जोन घोषित किया है, उस पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। रेड जोन में पुलिस कर्मियों की आवाजाही को कम करने के लिए ड्रोन से इन क्षेत्रों की निगरानी करने का फैसला किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार रेड जोन इलाकों में किसी के भी घर से निकलने पर पूरी तरह से रोक लगी हुई है। इस आदेश को सख्ती से लागू करने के लिए जमीन के साथ अब आसमान से भी नजर रखी जा रही है। रेड जोन में लोगों को हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रहा है। लोगों को खाने पीने की वस्तु, बिजली, पानी जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जा रहा है। पुलिस के साथ वहां मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है, ताकि यदि किसी को जरूरत के अनुसार रेड जोन से बाहर जाना या आना है तो उसे मजिस्ट्रेट से इजाजत लेना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने मौजूदा समय में गुज्जर नगर, भठिंडी, सुंजवां, जानीपुर की भवानी नगर के अलावा बागे बाहू की कालिका कालोनी को रेड जोन घोषित किया है। इन सभी इलाकों से कोरोना वायरस से संक्रमित लोग मिल चुके हैं। वायरस इन इलाकों में ना फैले, इसलिए प्रशासन ने इन्हें रेड जोन घोषित कर दिया है।
कोरोना वायरस को हरा कर ही रुकेंगे कदम: दफ्तर खुलने के बाद जम्मू नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने कमेटी सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान निगम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमारे कदम इसे हराकर ही रुकेंगे। बैठक में नगर निगम जम्मू द्वारा कोविड-19 को लेकर किए गए कार्यों की जानकारी ली। आगे इसे लेकर निगम की क्या तैयारी है या इसे और बेहतर तरीके से कैसे किया जा सकता है, को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में कॉरपोरेटरों से शहर को सैनिटाइज करने के सुझाव लिए गए और उस पर अमल के लिए आगे अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बलोरिया ने कहा कि निगम की टीम अच्छे तालमेल के साथ इस संकट की घड़ी में कम संसाधनों के साथ बेहतर काम का रही है। सफाई कर्मचारियों का शहर को सैनिटाइज करने में विशेष योगदान रहा है। निगम कॉरपोरेटर भी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी तरह से अपने वार्डों में सक्रीय होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू शहर में कोविड-19 को नगर निगम के विशेष इंतजाम की बदौलत थाम दिया गया है। इसमें शहरवासियों का भी विशेष सहयोग रहा है। ऐसा चलता रहे तो महामारी जल्द खत्म होगी।
आगे भी लोगों को कोरोना वायरस को लेकर जो भी प्रशासन द्वारा निर्देश दिए जाएंगे, उनका भी पालन करना है ताकि हम कोविड-19 का सफाया कर सकें। उन्होंने कहा कि निगमायुक्त एक अच्छे तालमेल के साथ कार्य कर रही है और शहर में उन सभी स्थानों पर सैनिटाइजेशन टनल स्थापित कर दी गई हैं। इस मौके पर कमेटी के सदस्यों में कॉरपोरेटर अरुण खन्ना, राज कुमार, महेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, सोबत अली, नरेंद्र सिंह सहित निगम के अधिरकारी भी मौजूद थे।