Jammu: फंदा लगाकर पुलिस कांस्टेबल-उसकी पत्नी ने दी जान, दादा-दादी के पास छोड़ गए थे दोनों बच्चे
दरवाजे को तोड़कर जब लोग अंदर गए तो कांस्टेबल तरविंदर सिंह का शव फंदे से लटक रहा था जबकि उनकी पत्नी बिस्तर पर थी। हरमीत कौर के गले में भी चोट के निशान थे जो संभवत फंदा लगाने से पड़े थे।
जम्मू, जागरण संवाददाता: शहर के बाहरी क्षेत्र गाड़ीगढ़ इलाके में रहने वाले पुलिस कांस्टेबल और उसकी पत्नी का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक जम्मू-कश्मीर पुलिस में सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल था। इन दिनों वह एडवोकेट जनरल का आधिकारिक वाहन चला रहा था।
सतवारी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दंपत्ति के मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है। कांस्टेबल की पहचान तरविंदर सिंह और उसकी पत्नी हरमित कौर के रूप में हुई। सोमवार शाम साढ़े छह बजे पुलिस कांस्टेबल के पिता गुरदेव सिंह पड़ोस में रहने वाले अपने बेटे तरविंदर सिंह के घर गए। उन्होंने घर के दरवाजे को अंदर से बंद पाया। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें संदेह हुआ। इसी बीच कांस्टेबल के आस पड़ोस में रहने वाले लोग भी पहुंच गए। दरवाजे को तोड़कर जब लोग अंदर गए तो कांस्टेबल तरविंदर सिंह का शव फंदे से लटक रहा था, जबकि उनकी पत्नी बिस्तर पर थी। हरमीत कौर के गले में भी चोट के निशान थे, जो संभवत फंदा लगाने से पड़े थे।
आनन-फानन में स्वजनों ने दोनों को जीएमसी अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से गाड़ीगढ़ पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल से सबूतों को जुटा लिया। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को करवाया जाएगा।
दादी के पास दोनों बच्चों को छोड़ गए थे दंपत्ति: चौकी प्रभारी गाड़ीगढ़ लखविंदर सिंह ने बताया कि कांस्टेबल तरविंदर सिंह सोमवार सुबह दस बजे ड्यूटी पर जाने से पूर्व अपनी 11 वर्षीय बेटी और सात वर्षीय बेटे को अपनी मां यानि बच्चों की दादी के पास छोड़ गया था। पहले भी कई बार दंपत्ति अपने बच्चों को दादी के पास छोड़ कर जाते थे, लेकिन शाम छह बजे तक घर लौट कर बच्चों को अपने साथ ले जाते थे। सोमवार शाम साढ़े छह बजे तक कांस्टेबल जब अपने मां बाप के घर पर बच्चों को लेने नहीं पहुंचा तो कांस्टेबल के पिता अपने बेटे के साथ यह देखने के लिए आए कि उनके बेटे को घर पहुंचने में देर क्यों हुई।
पहले पत्नी ने लगाया होगा फंदा: पुलिस का मानना है कि घरेलू झगड़े के बाद कांस्टेबल की पत्नी ने पहले पंखे से फंदा लगाया होगा। जब कांस्टेबल ने अपनी पत्नी को लटकता हुआ पाया होगा तो उसे फंदे से उतार कर बिस्तर पर रख दिया और खुद उसी दुपट्टे से फंदा लगा लिया होगा। पुलिस ने मौके से सुबूतों को जुटाने के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के अधिकारियों को बुलाया। टीम ने सुबूत एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी है।