Jammu : चसाना मामले में पुलिस ने नौ लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए लोगों की पहचान थलकोट के रहने वाले पवन सिंह रियाज शाह चनार सिंह चैन सिंह बलवीर सिंह सुखदेव राकेश सिंह और बागनकोट निवासी दिलीप सिंह और रियासी जिले के डंडाकोट के बलवीर सिंह के रूप में की गई।
रियासी, संवाद सहयोगी : रियासी के चसाना में पुलिस टीम पर हमला तथा कुछ अन्य मामलों में पुलिस ने नौ और लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो सरकारी शिक्षक भी शामिल हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए लोगों की पहचान थलकोट के रहने वाले पवन सिंह, रियाज शाह, चनार सिंह, चैन सिंह, बलवीर सिंह, सुखदेव, राकेश सिंह और बागनकोट निवासी दिलीप सिंह और रियासी जिले के डंडाकोट के बलवीर सिंह के रूप में की गई।
बता दें कि 31 अगस्त को चसाना में एक आरोपित थलकोट निवासी प्रेम सिंह को भीड़ ने तब पुलिस से छुड़ा लिया था, जब पुलिस उसे मेडिकल करवाने ले जा रही थी। हालांकि प्रेम सिंह का कहना था कि उसे पुलिस ने खुद छोड़ दिया था। प्रेम सिंह को दोबारा गिरफ्तार करने के लिए उसी रात को बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों ने एक तरह से थलकोट की घेराबंदी कर ली थी, लेकिन बड़ी संख्या में प्रेम सिंह के समर्थक पुलिस के विरोध में खड़े हो गए थे। तब प्रेम सिंह तथा उनके समर्थकों ने पुलिस पर प्रताड़ित तथा पैसे मांगने सहित कई अन्य आरोप लगाए थे।
उस दिन प्रेम सिंह के मकान को काफी क्षति पहुंची थी, जिसके लिए प्रेम सिंह ने पुलिस पर उसके घर में आंसू गैस के गोले दागने और पथराव करने के अलावा फायरिंग के भी आरोप लगाए थे। तो उधर पुलिस ने इन सभी आरोपों को नकार दिया था। तब मामला अधिक तूल ना पकड़ ले यह सोचकर पुलिस उस दिन कुछ देर बाद वापस लौट गई थी। उस मामले में
पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए थे जिनमें चंद रोज पहले एक नायब सरपंच सहित दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
अब इस मामले में नौ और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां यह भी बता दें कि इलाके में कई लोग संगठनात्मक तरीके से भी प्रेम सिंह के समर्थन में खड़े होकर पुलिस कार्रवाई को अनुचित ठहरा हैं, जिनमें कई द्वारा इंटरनेट मीडिया पर पुलिस के खिलाफ आंदोलन शुरू करने के भी एलान किए गए हैं। तो उधर पुलिस का कहना है कि प्रेम सिंह हिस्ट्रीशीटर है जिस पर दुष्कर्म सहित कई अन्य मामले दर्ज है।