लोहे की राड से पीटकर की थी पीडीडी डेलीवेजर की हत्या, पैसों के लेन-देन से बढ़ा विवाद
आरोपित चमनलाल से पूछताछ करने और मामले के सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने उसे छह दिन की रिमांड पर ले लिया। पुलिस के अनुसार उत्तम सिंह और उसका हत्यारोपित चमनलाल सांबा के उत्तरवाहिनी इलाके में एक भजन सत्संग मंडली के सदस्य थे।
जागरण संवाददाता, जम्मू: झज्जर कोटली के सेरी कलाह गांव में पीडीडी डेलीवेजर उत्तम सिंह की उसके दोस्त चमनलाल ने लोहे की राड से सिर पर वार कर हत्या की थी। पुलिस ने शुक्रवार को लोहे की राड घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद कर लिया।
वारदात के बाद आरोपित ने राड को छुपा दिया था। पुलिस के मुताबिक चमनलान ने पैसों के लेन-देन के विवाद में अपने दोस्त की हत्या की थी। शुक्रवार को आरोपित चमनलाल से पूछताछ करने और मामले के सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने उसे छह दिन की रिमांड पर ले लिया। पुलिस के अनुसार उत्तम सिंह और उसका हत्यारोपित चमनलाल सांबा के उत्तरवाहिनी इलाके में एक भजन सत्संग मंडली के सदस्य थे।
25 जनवरी को दोनों मंडली के साथ सत्संग करने के लिए गए हुए थे। सत्संग के दौरान उन्हें जो पैसे मिले थे, उसके बंटवारे को लेकर दोनों में बहस हो गई थी। इसी बीच गुस्से में चमनलाल ने एक लोहे की राड से उत्तम सिंह के सिर पर वार कर दिया। इससे उत्तम सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। इसके बाद चमनलाल वहां से भाग गया था।
पुलिस ने जब उत्तम सिंह के शव का डाक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया था, तो डाक्टरों ने तेजधार हथियार से हमला होने के चलते उत्तम सिंह को चोट लगने की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने उत्तम सिंह की संदिग्ध मौत को हत्या के मामले में तब्दील कर चमनलाल को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने हत्या की इस वारदात को अंजाम देने की बात को कबूला था। पुलिस हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।