Uri Ceasefire Violation: उड़ी नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, दो नागरिक घायल
Uri Ceasefire Violation मोर्टार की चपेट में आने से नांबला गांव के दो नागरिक घायल हो गए जिनमें एक 60 वर्षीय व्यक्ति व दूसरा 20 वर्षीय युवक शामिल है।
जम्मू, जेएनएन। जिला बारामुला के उड़ी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिक संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों व नियंत्रण रेखा के साथ सटे रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी कर रहे हैं। पाकिस्तानी सैनिक नियंत्रण रेखा से सटे नांबला गांव पर गोले बरसा रहे हैं और इस गोलाबारी में दो स्थानीय लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि भारतीय जवान भी पाक गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह गोलाबारी दोपहर डेढ़ बजे से शुरू हुई है। हाजीपीर सेक्टर से पाकिस्तानी सैनिकों ने पहले तो छोटे हथियारों का इस्तेमाल करते हुए भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की परंतु जैसे ही हमारे जवानों ने जवाबी कार्रवाई की तो दुश्मन सैनिकों ने नांबला गांव पर मोर्टार दागना शुरू कर दिए। एक मोर्टार गांव के बीचों-बीच गिरा और उसकी चपेट में आने से 60 वर्षीय व्यक्ति अहमद शेख व 20 वर्षीय युवक मकबूल मंगराल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। अभी भी दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। अन्य विवरण प्रतीक्षारत है।
पाक से आग सैन्य चौकियों तक पहुंची, बारूदी सुरंगें फटने लगीं
जिला पुंछ की मेंढर तहसील के मनकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ से लगाई गई आग भारतीय क्षेत्र में अग्रिम चौकियों के पास पहुंच गई है। इससे नियंत्रण रेखा पर बिछाई गई बारूदी सुरंगों में विस्फोट हो रहे हैं। यह आग कई किलोमीटर तक फैल गई है। पाकिस्तानी सैनिकों ने बुधवार शाम को नियंत्रण रेखा के पास के इलाकों में आग लगाई गई थी। अब यह मनकोट सेक्टर में सेना की अग्रिम चौकियों के नजदीक पहुंच गई है। आग पर काबू पाने के लिए जवान जुटे हुए हैं। बारूदी सुरंगों में लगातार विस्फोट की आवाजें दूर तक सुनाई दे रही हैं। इससे पहले भी पाकिस्तान ने पुंछ जिले के मेंढर, मनकोट, बालाकोट, कृष्णा घाटी और देगवार में नियंत्रण रेखा पर आग लगाकर भारतीय क्षेत्र में बारूदी सुरंगों और नियंत्रण रेखा पर निगरानी के लिए लगाए गए उपकरणों को नष्ट करने का प्रयास किया गया था।
हीरानगर, टंगडार और कलाल सेक्टर में पाक सेना की गोलाबारी
जम्मू संभाग के राजौरी जिले में नौशहरा के कलाल सेक्टर में शुक्रवार दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी की। दोपहर करीब एक बजे पाक सेना ने कलाल सेक्टर में सेना की अग्रिम चौकियों और रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी। पाक सेना गोलाबारी की आड़ में आतंकवादियों के दल को भारतीय क्षेत्र में दाखिल करवाने का प्रयास कर रही है। पाकिस्तानी सेना ने टंगडार सेक्टर में देर रात गोलाबारी शुरू कर दी थी। पाक रेंजर्स ने दोपहर तीन बजे हीरानगर के बोबिया क्षेत्र की गुरनाम पोस्ट को निशाना बनाते हुए चंद राउंड फायरिंग की जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गोलियों की आवाज सुन कर खेतों में पशु चरा रहे लोग सुरक्षित जगह चले गए।