Ceasefire violation: नहीं बाज आ रहा पाकिस्तान, पुंछ के शाहपुर सेक्टर में फिर दाग रहा गोले, सेना दे रही जवाब
आज सुबह 11.40 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे शाहपुर इलाके में फिर से गोले दागना शुरू कर दिए हैं। भारतीय जवान भी इसका कड़ा जवाब दे रहे हैं।
पुंछ, जेएनएन। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तानी सेना आम लोगों का खून बहाने से भी परहेज नहीं कर रही है। गत बुधवार को उड़ी, पुंछ और हीरानगर में गोलाबारी के बाद आज सुबह 11.40 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे शाहपुर इलाके में फिर से गोले दागना शुरू कर दिए हैं। भारतीय जवान भी इसका कड़ा जवाब दे रहे हैं। दोनों ओर से शुरू हुए इस गोलाबारी के सिलसिले के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए हैं। अभी तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
गत बुधवार को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने इसी क्षेत्र में गोले दागे थे। इसके अलावा देर शाम को उन्होंने कस्बा और बांडिचेचीया गांव को निशाना बनाते हुए मोर्टार दागे जिसमें दो लोग घायल हो गए। इनमें कस्बा की रहने वाले 13 साल की युवती तनवीर अख्तर और बांडिचेचीया गांव का रहने वाला 18 वर्षीय युवक मोहम्मद सलीम घायल हो गया था। दोनों का इलाज चल रहा है।
इसके अलावा पाकिस्तान ने गत बुधवार को ही नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर भी गोलाबारी की थी। कठुआ के हीरानगर सेक्टर से लेकर उत्तर कश्मीर में उड़ी तक भारतीय सैन्य और नागरिक ठिकानों पर मोर्टार के साथ-साथ कुछ जगह तोपों का भी इस्तेमाल किया। इसमें चार ग्रामीण घायल हो गए थे। करीब 15 घर क्षतिग्रस्त हुए थे।
उड़ी में प्रशासन ने पाकिस्तानी गोलाबारी के बीच 13 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया था। हालांकि भारतीय सेना ने भी जवाबी प्रहार करते हुए पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया था। इससे एलओसी पार भी नुकसान की सूचना है।