बौखलाए पाक ने चौकियों व रिहायशी इलाकों को बनाया निशाना
पाकिस्तानी सेना ने राजौरी से लेकर पुंछ तक भारी गोलाबारी शुरू कर दी है। उसने अपने दो सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि भी की है।
राजौरी, जागरण संवाददाता। भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए उसके पांच सैनिक मार गिराए हैं। पाक की कुछ पोस्टें भी तबाह कर दी हैं। हताशा में पाकिस्तानी सेना ने राजौरी से लेकर पुंछ तक भारी गोलाबारी शुरू कर दी है। उसने अपने दो सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि भी की है।
गोलाबारी की रेंज को भी बढ़ा दिया है। पुंछ में सेना के दो जवान घायल हुए हैं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सेना के कमान अस्पताल ऊधमपुर में रेफर कर दिया है। राजौरी व पुंछ में सात मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। नौशहरा में एक स्थानीय नागरिक भी घायल हुआ है। भारतीय सेना भी पाकिस्तानी सेना को मुंह तोड़ जवाब दे रही है। मौजूदा समय में नियंत्रण रेखा पर युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। पाकिस्तानी सेना आए दिन सीमा पार से अकारण गोलीबारी करने में लगी हुई है।
सेना के आला अफसर सीमा के हालात पर नजर रखे हुए हैं। गौरतलब है कि पाक सेना कुछ दिन से सीमा पर हालात बिगाड़ने के लिए कभी गोलाबारी, कभी स्नाइपर शाट से जवानों को निशाना बनाने के अलावा आतंकियों की घुसपैठ करवाने के प्रयास कर रही है। बुधवार रात से जारी गोलाबारी का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने गुरुवार तड़के पाक सेना के पांच जवान मार गिराए, जिसके बाद से हताशा में पाक सेना ने गोलाबारी काफी तेज कर दी। राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर, नौशहरा सेक्टर, कलाल सेक्टर, कलसियां सेक्टर, झंगड़ सेक्टर, लाम सेक्टर, भवानी सेक्टर के साथ पुंछ के बालाकोट, मनकोट व मेंढर सेक्टर में पाक सेना अंधाधुंध गोलाबारी कर रही है। रिहायशी क्षेत्रों पर मोर्टार शेल दागे जा रहे हैं। गोले नौशहरा कस्बे के आसपास आकर गिर रहे हैं। इससे सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। दो गोले नौशहरा में जम्मू- पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले हंजाना पुल के नीचे से बहने वाली मिनावर तवी में आकर गिरे हैं। कई गोले शहर के आसपास आकर गिरे हैं।
नौशहरा के गनेया क्षेत्र के पूर्व सैनिक सुरेश कुमार घायल हो गए हैं। उनका मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। सुरेश कुमार को सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नौशहरा में दो मकान भी क्षतिग्रस्त हुए है। पुंछ के मनकोट
सेक्टर में पांच मकानों को नुकसान पहुंचा है। मनकोट सेक्टर में सेना के दो जवान नायब सूबेदार तरसेर्म व सिपाही संदीप राय घायल हो गए। दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते
हुए सेना के कमान अस्पताल ऊधमपुर में रेफर कर दिया गया है।