Ceasefire Violation: पुंछ नियंत्रण रेखा से सटे कस्बा-किरनी गांव में सीजफायर उल्लंघन में एक नागरिक घायल
सेना ने बताया कि अभी भी पाकिस्तान की ओर से रूक-रूक कर गोलीबारी जारी है। यह भी पता चला है कि पाकिस्तान से घुसपैठ करने के लिए कई आतंकवादी सीमा पार ढेरा डाले हुए हैं।
पुंछ, जेएनएन। जिला पुंछ से आतंकियों की घुसपैठ कराने की फिराक में पाकिस्तान पिछले दो सप्ताह से लगातार गोलाबारी कर रहा है। अाज सुबह एक बार फिर पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ नियंत्रण रेखा से सटे कस्बा और किरनी सेक्टर के गांवों में मोटार्र शैल दागे। इस गोलाबारी में एक स्थानीय युवक भी घायल हुआ है। हालांकि स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहा उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोलाबारी का यह सिलसिला सुबह 11.45 बजे से शुरू हुआ है। शुरूआत में तो पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की परंतु बाद में उन्होंने रिहायशी इलाकों पर भी मोर्टार दागना शुरू कर दिए। एक मोर्टार नियंत्रण से कुछ दूरी पर स्थित ढोकरी गांव में गिरा। मोर्टार फटने पर उसे निकले छर्रे मोहम्मद सफीर पुत्र मोहम्मद सादिक को लगे और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत बेहतर बताई जा रही है।
सेना ने बताया कि अभी भी पाकिस्तान की ओर से रूक-रूक कर गोलीबारी जारी है। यह भी पता चला है कि पाकिस्तान से घुसपैठ करने के लिए कई आतंकवादी सीमा पार ढेरा डाले हुए हैं। उनकी घुसपैठ कराने के लिए ही पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी का सिलसिला तेज कर दिया है। वहीं आए दिन पाकिस्तान द्वारा आकारण की जा रही इस गोलाबारी की वजह से सीमांत लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। वहं जम्मू दौरे पर आए थलसेना प्रमुख एमएम नरवाने ने भी भारतीय सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों को यह स्पष्ट दे दिए हैं कि दुशमन की हर नापाक हरकत का जवाब सख्ती से दिया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतीय जवानों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में कई पाकिस्तानी चौकियों को नुकसान पहुंचा है। उसकी के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी का सिलसिला धीमा कर दिया।