सरपंच के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिग
मंगलवार तड़के बरन पंचायत के सरपंच के घर में घुसकर कुछ लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिसमें सरपंच के मौसेरे भाई की मौत हो गई और सरपंच व उसकी बहन घायल हो गई।
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर घरोटा के पास पड़ने वाली बरन पंचायत (पाट्टा खू) में मंगलवार को पौ फटते ही करीब पांच-छह हथियारबंद लोगों ने सरपंच दिलबाग सिंह के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिग कर दी। गोली लगने से कमरे में सो रहे सरपंच के मौसेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरपंच घायल हो गए। भागते-भागते हमलावरों ने सरपंच की बहन को भी गोली मार दी। वह भी गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज जीएमसी में चल रहा है और सरपंच को दूसरे राज्य के निजी अस्पताल ले जाया गया। गोलीबारी में सरपंच के पालतू कुत्ते की भी मौत हो गई। घायल सरपंच के बहन ने कहा कि चंचल बाबा ने कुछ लोगों के साथ मिलकर हमला किया है। पुलिस ने तत्काल आधा दर्जन से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक राजौरी जिले के लंबेड़ी के रहने वाले अधेड़ कश्मीर सिंह अपने मौसेरे भाई सरपंच दिलबाग सिंह के घर बरन पंचायत के पाट्टा खू गांव आया हुआ था। एक ही बेड पर दोनों भाई कमरे में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सोए थे। मंगलवार तड़के अभी ठीक से रोशनी भी नहीं हुई थी। इलाके में बिजली बंद थी। सरपंच के घर में इनवर्टर से मात्र एक बल्ब जल रहा था। तभी पांच से छह हथियारबंद लोग सरपंच के घर में घुस आए। आते ही उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया और घर में जल रहे एक मात्र बल्ब को तोड़ दिया। इसके बाद हमलावर घर के आंगन में पहुंच गए। वहां से सरपंच दिलबाग सिंह के कमरे की खिड़कियां सामने थीं। हमलावरों ने खिड़कियों से रिवाल्वर तान कर बिस्तर पर सो रहे लोगों पर अंधाधुंध फायरिग कर दी। दीवार की तरफ सो रहे कश्मीर सिंह के सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि एक गोली सरपंच दिलबाग सिंह के पेट में लगी। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर घर से बाहर निकल कर भाग रहे थे। भाई के घर फायरिग की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली सरपंच की बहन गीता देवी मायके की ओर दौड़ पड़ी। उसका सामना हमलावरों से हो गया। हमलावरों ने गीता देवी पर भी गोली चला दीं। गोली उसकी बाई टांग में जा लगी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।
हमले में घायल गीता देवी ने पुलिस को दिए बयान में चंचल बाबा नामक व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। महिला ने यह भी बताया कि हमलावरों की संख्या पांच से छह थी। हमले का कारण भूमि विवाद हो सकता है। जांच की जा रही है।
- मुकेश सिंह, आईजी, जम्मू जोन