कुलियां गांव से धारदार हथियार के साथ एक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
पकड़ा गया युवक अंकुश कुमार आरएसपुरा के रंगपुर मलानिया का रहने वाला है। पुलिस जांच कर रही है कि वह धारदार हथियार के साथ कहां जा रहा था। उसकी मंशा किसी पर हमला करने की तो नहीं थी? बहरहाल केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मीरां साहिब, संवाद सहयोगी : मीरां साहिब पुलिस ने मीरां साहिब में पड़ते गांव कुलियां के पास सड़क पर लगाए गए नाके के दौरान एक युवक को धारदार हथियार टोके के साथ हिरासत में लिया है। पकड़ा गया युवक अंकुश कुमार आरएसपुरा के रंगपुर मलानिया का रहने वाला है। पुलिस जांच कर रही है कि वह धारदार हथियार के साथ कहां जा रहा था। उसकी मंशा किसी पर हमला करने की तो नहीं थी? बहरहाल, केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुलियां चौकी प्रभारी पूर्ण चंद की अगुवाई में पुलिस कर्मियों ने जम्मू-आरएसपुरा मार्ग पर शुक्रवार को नाका लगाया था। इसी बीच पैदल ही एक युवक आता दिखाई दिया, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। इस बीच उसने भागने की कोशिश की, मगर पुलिस कर्मियों ने थोड़ी दूरी पीछा कर उसे पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से तेजधार हथियार टोका बरामद हुआ।
अज्ञात वाहन की टक्कर में एक घायल : गांव खारियां के पास जम्मू-आरएसपुरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। घायल की पहचान जसपाल निवासी शेरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए जीएमसी में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार जसपाल पैदल ही सड़क से जा रहा था। इसी बीच पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिसके चलते गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे घायल अवस्था में उठाया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस जांच कर रही है।