गणतंत्र दिवस पर जम्मू-कश्मीर की अग्रिम चौकी पर लहराते तिरंगे दुश्मन को देंगे हद में रहने का संदेश
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की ओर से सांबा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आतंकवादियों की घुसपैठ की आशंका है। इसके साथ सीमावर्ती पुंछ जिले के कसबलाड़ी इलाके में तीन आतंकवादियों को उनके गाइड के साथ देखे जाने की भी सूचना है।
जम्मू, विवेक सिंह : जम्मू कश्मीर में गणतंत्र दिवस पर सरहद पर लहराने वाले तिरंगे दुश्मन को अपनी हद में रहने का संदेश देंगे। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिन रात डटे सरहद के प्रहरियों ने शांति में खलल डालने की तैयारी कर रहे देश विरोधी तत्वों को मात देकर गणतंत्र दिवस को बुलंद होंसले के साथ मनाने की तैयारी की है। खराब मौसम में इस समय दिन रात, दुश्मन की हर हरकत पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सीमा पर हालात चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में पाकिस्तान की ओर से अभी तक यह संदेश नही आया है कि मिठाइयां का अादान, प्रदान होगा। अलबत्ता ऐसी सूचनाएं जरूर मिल रहे हैं कि पड़ौसी देश आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने के लिए पूरा जोर लगा रहा है। इन हालात में इस समय सरहद पर एक ही लक्ष्य है कि दुश्मन अपनी चाल में कामयाब न हो पाए। ऐसे में दुश्मन को नकार कर 26 जनवरी मनाने का जोश कुछ अलग ही होगा। सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ नियंत्रण रेखा, वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सेना व सुरक्षाबल भी जोश में हैं।
सुरक्षा के लिहाज से जारी सप्ताह चुनौतियां भरा है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की ओर से सांबा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आतंकवादियों की घुसपैठ की आशंका है। इसके साथ सीमावर्ती पुंछ जिले के कसबलाड़ी इलाके में तीन आतंकवादियों को उनके गाइड के साथ देखे जाने की भी सूचना है। ऐसे में इस इलाके को खंगालने के लिए सेना, सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। ऐसी सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए इस समय जम्मू कश्मीर में सेना, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस, जम्मू कश्मीर पुलिस व खुफिया एजेंसियां बेहतर तालमेल बनाकर काम कर रही हैं।
ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में कड़ी सर्तकता बरत रही सीमा सुरक्षा बल ने जम्मू में 192 किलोमीटर सीमा के साथ नियंत्रण रेखा पर अपनी जिम्मेवारी वाले इलाकों की सभी अग्रिम चौकियों पर 26 जनवरी को तिरंगे लहराने की तैयारी कर रखी है। सीमा सुरक्षा बल फ्रंटियर मुख्यालय जम्मू में गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी एसपीएस संधु का कहना है कि सरहद पर भी गणतंत्र दिवस पूरे जोश के साथ मनाया जाएगा। उनका कहना है कि इस समय सीमा पर जवान कड़ी सर्तकता बरत कर सुनिश्चत कर रहे हैं गणतंत्र दिवस सुरक्षित हो। जवानों ने जोश के साथ सुरक्षा संबंधी सभी चुनाैतियों पर गौर कर उनका सामना करने के लिए तैयारी की है। ऐसे में सरहद पर गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम भी जोश से भरे हुए होंगे।