Jammu Kashmir: राय पूछने पर बुद्धिजीवी बोले, इस बार मोदी लहर के सहारे नहीं रहे भाजपा
बैठक में बुद्धिजीवियों ने भाजपा के प्रति रोष जताते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मोदी लहर के सहारे नहीं रहें क्योंकि सरकार कई नीतियों से जनता काफी खफा है।महंगाई को रोकने के लिए सरकार ने कोई कारगर नीति नहीं बनाई है।
आरएसपुरा, संवाद सहयोगी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आरएसपुरा इकाई की तरफ से शनिवार को केंद्र सरकार के कामकाज के बारे में क्षेत्र के बुद्धिजीवियों की राय जानने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बुद्धिजीवियों ने एक राय में कहा कि इस बार भाजपा मोदी लहर के भरोसे विधानसभा चुनाव जीतने का ख्वाब नहीं पाले। इस बार बेरोजगारी, महंगाई और विकास से जुड़े मुद्दे हावी रहेंगे, जिसमें भाजपा नाकाम साबित हुई है।
बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष सरदार हरभजन सिंह पम्मी की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें भाजपा के जम्मू-पुंछ लोकसभा सीट से सांसद जुगल किशोर शर्मा और पार्टी के जम्मू कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए। पूर्व मंत्री चौधरी शाम लाल एवं जिला विकास परिषद सदस्य प्रो. गारूराम भगत भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में बुद्धिजीवियों ने भाजपा के प्रति रोष जताते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मोदी लहर के सहारे नहीं रहें, क्योंकि सरकार कई नीतियों से जनता काफी खफा है। बुद्धिजीवियों ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए सरकार ने कोई कारगर नीति नहीं बनाई है। इसी तरह बेरोजगारी की समस्या का भी समाधान नहीं निकाला जा सका है, नतीजतन जम्मू कश्मीर में भी बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। सतवारी-आरएसपुरा मार्ग के निर्माण का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। बुद्धिजीवियों का यह भी कहना था कि सांसद की तरफ से फंड की घोषणा करने के बाद भी आरएसपुरा कस्बे के मुख्य बस स्टैंड की हालत में सुधार के लिए कुछ नहीं किया गया। बैठक में म्युनिसिपल कमेटी आरएसपुरा के चेयरमैन सतपाल पप्पी, जिला विकास परिषद सदस्य विद्या मोटन, महामंत्री आकाश चोपड़ा, महंत राजेश बिट्टू आदि लोगों ने भाग लिया।
बैठक में महंगाई को लेकर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया
बैठक में बुद्धिजीवियों ने सबसे ज्यादा महंगाई को लेकर भाजपा सरकार के प्रति रोष जताया। उनका कहना था कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के खाद्य पदार्थों के दाम इतनी तेजी से बढ़ रहे हैं कि आम आदमी की कमर टूट गई है। खाद्य तेल इतना महंगा है कि वह आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है। इस बारे में भाजपा कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है। उन्होंने गर्मी के मौसम में होने वाली बिजली कटौती पर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। वहीं, केंद्र सरकार की कई योजनाओं का लोगों को लाभ नहीं मिलने को भी बुद्धिजीवियों ने भाजपा की नाकामी बताया।
सांसद ने कहा, अफवाह फैला रहा विपक्ष, केंद्र सरकार निजी हाथों में नहीं दे रही कोई भी सरकारी संपत्ति
बैठक में बुद्धिजीवियों की राय जानने के बाद सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि उनकी राय को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। जुगल ने कहा कि विपक्ष केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ झूठी अफवाहें फैला रहा है। सरकार कोई भी सरकारी संपत्ति निजी हाथों में नहीं सौंप रही है। बैठक में उन्होंने जम्मू कश्मीर में हुए विकास के कुछ आंकड़े बुद्धिजीवियों के समक्ष रखे। वहीं, जम्मू कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा कि इस बैठक का यही मकसद था कि लोग सरकार की नीतियों से कितने खुश हैं या फिर उनमें कोई निराशा है।
निर्मल सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पाकिस्तानी गोलाबारी से सीमावर्ती ग्रामीणों को बचाने के लिए बंकरों का निर्माण करवाया है। उन्होंने भी विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठी अफवाहें फैला रहा है। निर्मल सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने आतंकवाद पर लगाम लगाई है, जिससे आज कश्मीर पूरी तरह शांत है। इसके बावजूद केंद्र में कोई भी सरकार हो, उसकी कुछ न कुछ कमियां रह जाती हैं, जिन्हें दूर किया जाना चाहिए। इसीलिए हमने इस बैठक का आयोजन किया था।