Union Territory Ladakh: अफगानिस्तान में हो रही उथल-पुथल का भारत पर नहीं पड़ेगा असर : ओम बिरला
लद्दाख के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आतंकवाद पूरे विश्व की समस्या है। सभी देशों को इसके खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई कर लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आतंकवाद का खत्म होना जरूरी है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे से उपजे हालात का भारत पर कोई असर नहीं होगा। हमारी सशस्त्र सेनाएं अफगानिस्तान में हो रही राजनीतिक उथल पुथल की आंच अपने देश नही आने देंगे।
हमारी सशस्त्र सेनाएं हर चुनौती का सामना करने में सक्षम
लद्दाख के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आतंकवाद पूरे विश्व की समस्या है। सभी देशों को इसके खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई कर लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आतंकवाद का खत्म होना जरूरी है।सीमा पार से हालात खराब करने की साजिशों पर उन्होंने कहा कि हमारी सशस्त्र सेनाएं किसी भी प्रकार की चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। वह बुधवार दोपहर को लेह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
वहीं लद्दाख में चीन की घुसपैठ की साजिशों को लेकर एक प्रश्न के उत्तर में ओम बिरला ने कहा कि कुछ देशों की विस्तारवादी सोच, सीमा पर विवादों का कारण बनती है। बिरला ने कहा कि भारत हमेशा शांति व निर्माण के लिए ही कार्य करता आया है। हमारे देश की पूरी कोशिश रहती है कि अन्य देशों में भी लोकतांत्रिक संस्थान मजबूत हों। हमने हमेशा आतंकवाद, विस्तार वादी नीतियों का विरोध किया है। लेकिन कुछ देशों की ऐसी नीतियां समस्याएं पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सरहदों की सुरक्षा करने में पूरी तरह से सक्षम है।
वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तनाव पर बिरला ने कहा कि भगवान बुद्ध की भूमि से हमेशा शांति व सौहार्द का संदेश भी जाता रहा है। भारत देश इसी संदेश को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि लेह भी भगवान बुद्ध की भूमि है हम यहां से भी शांति का संदेश देते हैं। वहीं लद्दाख के विकास पर बिरला ने कहा कि क्षेत्र को लोगों की उम्मीदों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। लद्दाख को एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बनने की अपार संभावनाए हैं। ऐसे में लद्दाख में तेजी से बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसी बीच संसदीय आउटरीच कार्यक्रम के तहत ओम बिरला, वीरवार को लद्दाख के बाद जम्मू कश्मीर में भी ऐसे कार्यक्रम करेंगे। वह इन दोनों प्रदेशों के सात दिवसीय दौरे पर आए हैं। ऐसे में वह लद्दाख के तीन दिवसीय दौरे के बाद कश्मीर दौरे पर पहुंचेंगे।