Jammu Kashmir: फायर एंड इमरजेंसी विभाग में फायरमैन और ड्राइवर के पदों की नियुक्तियों में धांधलियों का आरोप
चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने कहा कि पूर्व पीडीपी-भाजपा के कार्यकाल के दौरान भी जम्मू के साथ भेदभाव होता रहा। जम्मू कश्मीर का पुनर्गठन होने के बाद भी जम्मू के साथ भेदभाव का सिलसिला जारी रहा। जम्मू के युवाओं को चयन सूची में मात्र दस फीसद ही हिस्सा मिला है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: फायर एंड इमरजेंसी विभाग में फायरमैन और ड्राइवर के पदों की नियुक्तियों में धांधलियों का आरोप लगाते हुए पैंथर्स पार्टी ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चयन सूची की प्रतियां जलाईं। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय गांधी नगर जम्मू के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा हाय हाय, जम्मू विरोधी भाजपा हाय हाय, जम्मू के जयचंद हाय हाय, चयन सूची रद्द करो के नारे लगाए।
पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने कहा कि पूर्व पीडीपी-भाजपा के कार्यकाल के दौरान भी जम्मू के साथ भेदभाव होता रहा। जम्मू कश्मीर का पुनर्गठन होने के बाद भी जम्मू के साथ भेदभाव का सिलसिला जारी रहा। जम्मू के युवाओं को चयन सूची में मात्र दस फीसद ही हिस्सा मिला है। पुंछ और ऊधमपुर जिला में तो सामान्य श्रेणी में मात्र एक दो उम्मीदवार ही चयनित हुए है। जम्मू के युवाओं ने विभाग की चयन सूची को नामंजूर कर दिया है।
हमारी मांग है कि नियुक्तियों के मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जानी चाहिए। जम्मू के युवा भेदभाव को सहन नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारियों में राजेश पडगोत्रा, परमजीत मार्शल, पुरुषोत्तम परिहार, सुरेंद्र चौहान, शंकर सिंह संजू, अशोक सुबरिया, राहुल सिंह, संजय भगत, कीर्ति फगोत्रा, गुरदीप सिंह राजू व अन्य शामिल थे।