JMC: अब कॉरपोरेटरों के हाथ में होगी विकास की डोर, आरएंडबी विभाग, प्राइमरी स्कूल व हेल्थ सेंटर निगम के अधीन
एक चीफ एजूकेशन आफिसर भी निगम के अधीन रहेगा। इन 25 स्कूलों के साथ 65 शिक्षक भी निगम के अधीन आ जाएंगे। इसके अलावा शहर की 16 हेल्थ सेंटरों को भी निगम के अधीन लाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता: अब जम्मू नगर निगम ही नहीं बल्कि अन्य विभाग भी कॉरपोरेटरों द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के आधार पर कार्य करेंगे। सरकार ने 74वें संशोधन को लागू कर विकास की डोर लोगों के हाथों में देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी विभागों के सिटी डिवीजन नगर निगम के अधीन आ रहे हैं। लोगों द्वारा चुने कॉरपोरेटर जो कार्य तय करेंगे, विभाग को उन्हें प्राथमिकता पर करवाना पड़ेगा। इससे शहर को कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं रह जाएगा क्योंकि कॉरपोरेटर मुहल्लों की हर छोटी-बड़ी समस्या से वाकिफ होता है।
यह शब्द जम्मू की डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने नगर निगम आयुक्त अवनी लवासा के साथ पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहे। टाउन हाल में हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने शहर वासियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे अब शहर की छटा बदलती नजर आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने फिलहाल सड़क एवं भवन निर्माण विभाग की डिवीजन-1 को नगर निगम के अधीन लाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जम्मू और श्रीनगर नगर निगम के अधीन विभाग के सिटी डिवीजन लाएं हैं। जम्मू नगर निगम को 213 सड़कें दी गई है। 5.50 मीटर से कम चौड़ाई वाली सड़कें निगम के अधीन रहेंगी। इसके अलावा जम्मू नगर निगम को 25 और श्रीनगर नगर निगम को 83 प्राइमरी स्कूल मिले हैं।
इन स्कूलों को चलाने का जिम्मा अब दोनों निगमों का होगा जबकि स्कूलों में स्टाफ की नियुक्ति पहले की तरह ही शिक्षा विभाग ही करेगा। उन्होंने कहा कि एक चीफ एजूकेशन आफिसर भी निगम के अधीन रहेगा। इन 25 स्कूलों के साथ 65 शिक्षक भी निगम के अधीन आ जाएंगे। इसके अलावा शहर की 16 हेल्थ सेंटरों को भी निगम के अधीन लाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि निगम के पास सारा ढांचा आने की औपचारिकताएं अभी शेष हैं लेकिन इस दिशा में बढ़े कदम सभी के लिए राहत लेकर आए हैं। इसके अलावा पूर्णिमा ने कहा कि 28 नवंबर को जनरल हाउस की बैठक होने जा रही है जिसमें जनता के मुद्दों पर चर्चा होगी।
उन्होंने दावा किया कि जम्मू नगर निगम शहर को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। शहर के सभी 75 कॉरपोरेटर इसमें योगदान दे रहे हैं। इस मौके पर नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया, सोशल जस्टिस कमेटी के चेयरमैन जीत कुमार अंगराल, स्वच्छ भारत कमेटी के चेयरमैन सूरज प्रकाश पाधा भी मौजूद थे।