Corona Night Curfew in Jammu: जम्मू कश्मीर में रात का कर्फ्यू अब रात 8 बजे से, सभी पेड पार्क लोगों के लिए बंद
जम्मू कश्मीर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने अगले आदेश तक सभी पेड पब्लिक पार्कों को बंद कर दिया है। एक अहम फैसले में जम्मू कश्मीर के सभी जिलों में रात के कर्फ्यू का समय रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक होगा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। जम्मू कश्मीर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने अगले आदेश तक सभी पेड पब्लिक पार्कों को बंद कर दिया है। इसके साथ ही एक अहम फैसले में जम्मू कश्मीर के सभी जिलों में रात के कर्फ्यू का समय रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक होगा।
आपदा प्रबंधन कानून 2005 की धारा 24 के तहत मिले अधिकारों का प्रयोग करते हुए राज्य कार्यकारी समिति ने आदेश जारी कर कहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी पेड पब्लिक पार्कों को अगले आदेश तक बंद रखा गया है। पार्कों में लोग नहीं जा सकेंगे।
पहले रात के कर्फ्यू का समय 10 बजे से सुबह 6 बजे तक का था जिसे दो घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है। अब जम्मू कश्मीर के सभी जिलों में नगर निगम, नगर पालिका और शहरी निकायों के अधीन आने वाले इलाकों में रात आठ बजे से सुबह छह बजे कर्फ्यू लगेगा। इसकी जानकारी राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य सचिव सिमरनदीप सिंह ने दी। बताते चले कि जम्मू कश्मीर में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उपराज्यपाल मनाेज सिन्हा ने गत शुक्रवार 24 अप्रैल रात आठ बजे से 26 अप्रैल सोमवार सुबह छह बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए थे। कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार एहतियात के सभी प्रभावी कदम उठा रही है। इसके तहत ही अब कर्फ्यू के समय में बढ़ोतरी की गई है।