Republic Day 2021: शास्त्री नगर पार्क में भारत विकास परिषद की त्रिदेव शाखा के सदस्यों ने समाज सेवा का संकल्प दोहराया
भारत विकास परिषद की त्रिदेव शाखा की ओर से शास्त्री नगर पार्क में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रगान गाया गया। अंत में मिठाइयां बांट कर एक-दूसरे को बधाई दी गई।इस दौरान परिषद के सदस्यों ने समाज सेवा का संकल्प दोहराया।
जम्मू, जागरण संवाददाता: आज हमें खुद तय करने की जरूरत है कि हम समाज के विकास के लिए क्या सहयोग दे सकते हैं। कैसे समाज के जरूरतमंद लोगों के काम आ सकते हैं। यही गणतंत्र दिसव की सार्थकता होगी। ये बातें भारत विकास परिषद के नेशनल सेक्रेटरी अरुण शर्मा ने शास्त्री नगर के पार्क में त्रिदेव शाखा की ओर से आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में कही। यहां मोहल्ले के वयोवृद्ध और त्रिदेव शाखा के सदस्य ने झंडोत्तोलन किया उसके बाद तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्रगान गाया गया। सभी ने समाज सेवा का संकल्प दोहराया।
परिषद के त्रिदेव शाखा के वित्त सचिव शिवराम शर्मा, प्रधान सचिव एमएल पाधा, उप प्रधान बीआर शर्मा, खजांची नरेंद्र मिश्रा आदि ने आज के परिप्रेक्ष्य में गणतंत्र दिवस की अहमियत पर प्रकाश डाला और नई पीढ़ी में राष्ट्रवादी विचारधारा विकसित करने और उन्हें समाजिक कार्यों में जोड़ने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि त्रिदेव शाखा हर साल कई जरूरतमंद लोगों और परिवारों की मदद करता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटियों की शादी करवाने और कमजोर परिवारों को रोजगार के साधन उपलब्ध करवाने का काम त्रिदेव शाखा की ओर से किया जाता है। जरूरतमंत्र महिलाओं को स्वाबलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन वितरित करने की पहल भी समय-समय पर की जाती है।
गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर वक्ताओं ने भारत विकास परिषद की समाज के प्रति जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला। लोगों को संगठन की उपयोगिता की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक और शारीरिक योगदान देकर समाज और देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। इस मौके पर परिषद की त्रिदेव शाखा के सदस्य सुभाष चंद्र शर्मा, अजय गुप्ता, एनसी शर्मा, कुलदीप बंद्राल, कुलदीप अत्री आदि माैजूद रहे। अंत में मौजूद लोगों में मिठाइयां बांट कर शुभकामनाएं दी गई।