Jammu : महंत दत्त गिरि जी महाराज साधू समाज समिति के प्रधान निर्वाचित
जम्मू-कश्मीर शत दर्शन समाज समिति के निविर्राध चुने गए प्रधान महंत दत्त गिरि जी महाराज ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से अपील की है कि वह मंदिरों की भूमि को भू-माफिया व शरारती तत्वों के हाथों से खाली करवाएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1080-90 से जम्मू-कश्मीर में भू-माफिया सक्रिय है
जम्मू, जागरण संवाददाता । जम्मू-कश्मीर शत दर्शन समाज समिति के निविर्राध चुने गए प्रधान महंत दत्त गिरि जी महाराज ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से अपील की है कि वह मंदिरों की भूमि को भू-माफिया व शरारती तत्वों के हाथों से खाली करवाएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1080-90 से जम्मू-कश्मीर में भू-माफिया सक्रिय है और मंदिरों की सैकड़ों कनाल जमीन पर कब्जा किए हुए है।
यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए महंत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अधिकतर मंदिरों की भूमि पर कब्जे हुए हैं। उन्होंने उपराज्यपाल से मामलों में स्वयं हस्तक्षेप करने की अपील की ताकि बहुमूल्य हिंदु धर्म से जुड़ी संपत्ति को खाली करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि घाटी में तो अधिकतर मंदिरों की भूमि हथिया ली गई है। घाटी के मंदिरों को आम लोगों के लिए खोलने के प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी समिति अगली अमरनाथ यात्रा 2021 के इंतजाम करना चाह रही है। साधूओं के लिए सुविधाएं, लंगर आदि लगाने की सोच है।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वह शत दर्शन साधू समाज समिति के श्री अमरनाथ यात्रा प्रबंधों में जुटे सदस्यों के रहने और सुरक्षा के इंतजाम करे ताकि यात्रा को अच्छे से चलाया जा सके। महंत दत्त गिरि जी महाराज को 20 नवंबर को समिति प्रधान के निधन के बाद प्रधान चुना गया था। इस मौके पर महंत योगेश्वर नाथ जी, महंत राम जनम दास शास्त्री जी, महंत महादेव गिरि जी, महंत कृष्ण भारती जी, महंत सोहम गिरि जी भी मौजूद थे। इस मौके पर महंतों ने प्रधान महंत दत्त गिरि जी महाराज का पुष्पमालाएं पहना का स्वागत भी किया।