संस्कारशाला के जरिये दूसरों की मदद की प्रेरणा
जागरण संवाददाता, जम्मू : भावी पीढ़ी में संस्कारों के संचार के लिए चलाई गई दैनिक जागरण की
जागरण संवाददाता, जम्मू : भावी पीढ़ी में संस्कारों के संचार के लिए चलाई गई दैनिक जागरण की मुहिम संस्कारशाला के तहत लॉर्ड महावीरा प्ले वे स्कूल शिव नगर में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों को एक कहानी 'मैं नहीं हम' दर्शायी गई। इसे बच्चों ने खूब पसंद किया। कहानी के आधार पर बच्चों को उनकी प्रतिक्रिया व्यक्त करने का मौका मिला। हर बच्चे ने अपने-अपने तरीके से कहानी पर विचार व्यक्त किए। इस कहानी को समाज के विभिन्न पहलुओं से जोड़ते हुए बच्चों ने शानदार तरीके से पेश किया। हर बच्चे ने समझा कि अगर हम कोई भी कार्य एकजुट होकर करते हैं, तो उसे करना कितना आसान होता है।
दैनिक जागरण की इस संस्कारशाला से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि दूसरों की मदद में जो मजा है, वह दूसरे किसी कार्य में नहीं। कार्यशाला के संचालक तरुण शर्मा ने कहा कि संस्कार शब्द का अर्थ है शुद्धीकरण। संस्कार ही भारतीय सभ्यता की पहचान है।
संस्कारों का उद्देश्य है कि पूर्व जन्म के बुरे प्रभावों का धीरे-धीरे अंत हो जाए और अच्छे प्रभावों की उन्नति हो। हमारे आगे पीछे हर दिन कुछ न कुछ ऐसा होता है, जो हमारी दिनचर्या पर असर डालते हैं। इसलिए कोशिश होनी चाहिए कि हमेशा अच्छा देखा जाए। जीवन में अच्छा करने का प्रयास ही जीवन की पहचान होनी चाहिए। जीवन में शॉर्टकट से कुछ भी संभव नहीं है। दिल में सभी का सम्मान करने का भाव होना चाहिए। कहीं भी कोई अकेला बेसहारा मिले। उसकी पूरी मदद करें। किसी के अकेलेपन या लाचारी का मजाक बनाने के बजाए उसके मित्र बनकर उसका सहयोग करने को जीवन का हिस्सा बना लें। जीवन में कुछ नियम हों तभी मनुष्य आत्मिक उन्नति कर सकता है। तरुण शर्मा ने बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि टीम भावना संचार खेलों से ही संभव है। जिस तरह खेलों में सभी के सहयोग से ही जीत संभव होती है, उसी तरह जीवन में भी एक दूसरे को साथ लेकर चलने से ही सफलता संभव है। ---------------
दैनिक जागरण संस्कार कार्यशाला को सराहा
लॉर्ड महावीर प्ले वे स्कूल की ¨प्रसिपल मधु शर्मा ने दैनिक जागरण संस्कारशाला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से ही भारतीय संस्कृति का संरक्षण संभव है। संस्कार हमारी पहचान होते हैं। जब भी कहीं जाते हैं तो हमारे संस्कार ही हमारे काम आते हैं। अच्छे संस्कारों के व्यक्ति को हर कोई पसंद करता है। उन्होंने कहा कि स्कूल बच्चों के विकास के लिए कई तरह के कार्यक्रम करता है। दैनिक जागरण का यह कार्यक्रम बच्चों को हमेशा याद रहेगा। हम चाहेंगे कि दैनिक जागरण आगे भी इस तरह के कार्यक्रम करता रहे। ऐसे कार्यक्रमों में लॉर्ड महावीरा का पूरा सहयोग रहेगा।