Poonch: मेंढर में नियंत्रण रेखा से सटे रिहायशी इलाके में मिला जिंदा शैल, दहशत
सेना के जवानों ने बताया कि गत दिनों पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए इस क्षेत्र में गोले दागे थे। उसी दौरान यह शैल यहां गिरा होगा।
जम्मू, जेएनएन। जिला पुंछ की मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटे गांव के पास जिंदा शैल मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। गांववासियों के सूचित करने पर सेना तुरंत मौके पर पहुंची और जांच में उन्होंने पाया कि शैल अभी तक फटा नहीं है। शैल को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। इस बीच सेना ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेते हुए लोगों के वहां से गुजरने पर मनाही लगा दी है।
पुलिस के अनुसार गांव के कुछ लोग सुबह जब खेतों की ओर जा रहे थे उन्होंने जंगल के समीप यह शैल देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सेना को दी। सेना के टीम मौके पर पहुंची और जांच में उन्होंने पाया कि शैल अभी फटा नहीं है। सेना के जवानों ने बताया कि गत दिनों पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए इस क्षेत्र में गोले दागे थे। उसी दौरान यह शैल यहां गिरा होगा। सैन्य अधिकारियों ने सेना के बम निरोधक दस्ते को सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि दस्ते की मदद से इस शैल को निष्क्रिय बनाया जाएगा।
फिलहाल लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जवानों ने उस क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया है। कहीं इसी तरह और जिंदा शैल न पड़े हों इसके लिए तलाशी अभियान भी चलाया गया है। अभियान पूरा होने तक उस इलाके से लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है।