Jammu Kashmir : उपराज्यपाल ने दीपावली से पहले श्री माता वैष्णो देवी के सोने, चांदी के सिक्के जारी किए
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दीपावली से पहले श्री माता वैष्णो देवी के सोने और चांदी के सिक्के जारी किए। श्री माता वैष्णो देवी के विश्व में लाखों करोड़ों भक्त हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि उन्हें माता वैष्णो देवी के सिक्के जारी करने का मौका मिल रहा है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दीपावली से पहले श्री माता वैष्णो देवी के सोने और चांदी के सिक्के जारी किए। श्री माता वैष्णो देवी के विश्व में लाखों करोड़ों भक्त हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि वह अपने आप को खुशकिस्मत समझते है कि उन्हें माता वैष्णो देवी के सिक्के जारी करने का मौका मिल रहा है। माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद बना रहना चाहिए।
सिक्कों का जिक्र करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि काेरोना से उपजे हालात के बीच कुछ श्रद्धालु श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए यात्रा पर नहीं आ पा रहे है इसलिए श्री माता वैष्णो देवी श्राईन बोर्ड ने सिक्के जारी किए है। यह सिक्के जम्मू और दिल्ली में उपलब्ध होंगे। उपराज्यपाल ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी से प्रार्थना है कि जम्मू कश्मीर में शांति और खुशहाली आए। हम समाज के लिए अच्छी सेहत और सांप्रदायिक सौहार्द की प्रार्थना करते है। लोगों के लिए यह जरूरी है कि वे इंसानियत के भले के लिए शांति का रास्ता अपनाएं। बोर्ड ने दो, पांच और दस ग्राम के सोने और चादी के सिक्के तैयार किए है। इन पर पवित्र पिंडियों के चित्र प्रकाशित है। सिक्कों के मूल्य मौजूदा सोने और चांदी के दामों पर निर्भर करेंगे।
इस समय दस ग्राम के चादी के सिक्के की कीमत 770 रुपये, पांच ग्राम का मूल्य 410 रुपये, सोने का दो ग्राम का सिक्का 11490 रुपये, पांच ग्राम का मूल्य 28150 रुपये और दस ग्राम के सिक्के की कीमत 55880 रुपये है। सिक्के भवन, जम्मू हवाई अड्डे, कटडा़, कालिका धाम जम्मू और दिल्ली के जेके हाउस पृथ्वीराज रोड़ दिल्ली में सोविनयर दुकानों में उपपलब्ध होंगे। श्री माता वैष्णो देवी श्राईन बोर्ड ने हाल ही में आन लाइन दर्शन, पूजा प्रसाद की होम डिलीवरी और मोबाइल ऐप लांच किया है। इस मौके पर उपराज्यपाल के प्रमुख सचिव नितेश्वर कुमार और बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार मौजूद थे।