Corona Vaccine In Jammu Kashmir : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हर दिन में एक लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा
उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन को उन सभी क्षेत्रों में टेस्टिंग बढ़ाने को कहा जहां पर संक्रमण फैलने की अधिक आशंका है। उन्होंने संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जल्दी पहचान करने और उन्हें घरों में ही क्वारंटाइन कर उनका इलाज करने को कहा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर में हर दिन एक लाख लोगों के टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने पुलिस व सिविल प्रशासन को संयुक्त टीमें बनाकर कोविड प्रोटोकाल का पालन करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी प्रोटोकाल का उल्लंघन करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
शुक्रवार को कोविड टास्क फोर्स, जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ कोविड के हालात की समीक्षा करते हुए उपराज्यपाल ने जिला बार हालात का जायजा लिया। इस दौरान यह भी बताया गया कि इस महीने तीस लाख के करीब डोज जम्मू-कश्मीर में आ रही हैं। उन्होंने सभी जिलों में टीकाकरण अभियान में तेजी लाने को कहा।
उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन को उन सभी क्षेत्रों में टेस्टिंग बढ़ाने को कहा जहां पर संक्रमण फैलने की अधिक आशंका है। उन्होंने संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जल्दी पहचान करने और उन्हें घरों में ही क्वारंटाइन कर उनका इलाज करने को कहा। उन्होंने कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए यह जरूरी है कि कंटेनमेंट जोन काे प्रभावी ढंग से बनाया जाए।
उपराज्यपाल ने अस्पतालों में भी आधारभूत ढांचे को मजबबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बच्चों के स्वास्थ्य देखभाल पर अधिक ध्यान दिया जाए। तीसरी लहर में बच्चों के संक्रमित होने की अधिक आशंका जताई जा रही है। उपराज्यपाल ने उपलब्ध मानव संसाधन का सही इस्तेमाल करने पर भीर जोर दिया।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक भरद्वाज ने उपराज्यपाल को कोरोना की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले कम हुए हैं। उन्होंने संक्रमण दर और स्वस्थ हो रहे मरीजों के बारे में भी जानकारी दी। बैठक में मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता के अलावा उपराज्यपाल के प्रमुख सचिव नितेश्वर सिन्हा, सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद थे।