लेह में 299 महिलाओं ने एक साथ डांस कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
राज्य ब्यूरो, जम्मू : लद्दाख में संपन्न हुए नरोपा महोत्सव में लद्दाख की पारंपरिक वेशभूषा में 299 मि
राज्य ब्यूरो, जम्मू : लद्दाख में संपन्न हुए नरोपा महोत्सव में लद्दाख की पारंपरिक वेशभूषा में 299 महिलाओं ने एकसाथ डांस कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।
इन महिलाओं ने लद्दाखी परिधान गोंगचा व पेरक पहनकर समुंद्रतल से करीब 4500 मीटर की ऊंचाई पर लेह से 45 किलोमीटर की दूरी पर हेमिस मठ में डांस पर विश्व रिकॉर्ड बनाया। इन महिलाओं की उम्र 18 साल से 60 साल के बीच की थी।
हेमिस में मौजूद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की अधिकारी स्वपनिल डंगारीकर ने लद्दाखी महिलाओं के डांस लिव टू लव को विश्व रिकॉर्ड घोषित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन पेल द्रुपका चेरीटेबल ट्रस्ट व यंग द्रुपका एसोसिएशन लद्दाख की ओर से किया गया था। यह विश्व रिकॉर्ड हजारों लोगों की मौजूदगी में बनाया गया। डंगारीकर ने कहा कि वह घोषित करती है कि आप आधिकारिक रूप से बेमिसाल हैं। डंगारीकर भारत व दक्षिण एशिया की जिम्मेदारी संभालती हैं।
ग्यारहवीं शताब्दी के मशहूर बौद्ध विद्वान नरोपा की याद में आयोजित महोत्सव में हजारों लोग शामिल हुए। इस समय नरोपा के एक हजार साल पूरा होने की याद में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नरोपा 1016 से लेकर 1100 तक रहे। उनकी याद में नरोपा महोत्सव रविवार को शुरू हुआ था। विश्व रिकॉर्ड वीरवार को बनाया गया। नरोपा समारोह तिब्बतन कैलेंडर के अनुसार हर बारह साल के बाद होता है।
इस बार नरोपा समारोह में स्थानीय कलाकारों के साथ बालीवुड के मशहूर कलाकार कैलाश खेर, पापोन व सोनू निगम ने हिस्सा लिया। इस दौरान तीरंदाजी, डांस व अन्य कई प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बौद्ध विद्वान नरोपा के कई पवित्र अवशेष भी प्रदर्शित किए गए।