Ladakh BJP: लद्दाख भाजपा में फूट, कारगिल के नेताओं ने दी त्यागपत्र देने की चेतावनी
जिला कारगिल के नेताओं को पार्टी हाई कमान ने पूरी तरह से नजरअंदाज किया। इन नेताओं ने कहा कि केंद्र शासित लद्दाख में भाजपा कार्यकारिणी में कारगिल के नेता न के बराबर हैं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की भाजपा इकाई में भी फूट सामने आई है। पार्टी की कारगिल जिले की इकाई के ब्लाक प्रधानों और कार्यकारिणी के सदस्यों ने आपात बैठक बुलाई। इसमें उन्होंने भाजपा की केंद्र शासित इकाई की कार्यकारिणी और वर्किंग कमेटी में कारगिल के नेताओं को बराबर प्रतिनिधित्व देने का प्रस्ताव पारित किया। उन्होंने चेतवानी दी कि अगर पार्टी हाई कमान ने दो दिनों के भीतर इस पर कोई जवाब नहीं दिया तो पूरी इकाई त्यागपत्र दे देगी। इनमें ब्लाक प्रधान, बूथ प्रधान और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर कार्यकारिणी के सदस्य तक शामिल होंगे।
राज्य कार्यकारिणी की घोषणा होने पर इन नेताओं ने विस्तार से चर्चा की। बैठक में यह कहा गया कि राज्य कार्यकारिणी और वर्किंग कमेटी की सदस्यता में उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया। जिला कारगिल के नेताओं को पार्टी हाई कमान ने पूरी तरह से नजरअंदाज किया। इन नेताओं ने कहा कि केंद्र शासित लद्दाख में भाजपा कार्यकारिणी में कारगिल के नेता न के बराबर हैं। 22 में से सिर्फ तीन सदस्य ही कारगिल के हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिला कारगिल की भाजपा इकाई उस जमाम विपरीत हालात में पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही। लेकिन कार्यकारिणी के गठन के समय उन्हें नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि जिला इकाई ने पहले से ही प्रदेश प्रधान को पत्र लिखा था। लेकिन एक महीना व्यतीत होने के बावजूद उन्होंने जवाब देना भी उचित नहीं समझा। रविवार को प्रस्ताव पारित करने का मकसद पार्टी हाई कमान को अपनी मांगों और उपेक्षा से अवगत करवाना था।