Jammu: स्वस्थ जीवनशैली अपना कर अपने आप को स्वस्थ रखें और कोरोना से भी दूर रहें: डॉ. सुशील शर्मा
वाकाथन का आयोजन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जम्मू में कार्डियालोजी विभाग के एचओडी डा. सुशील शर्मा ने किया था। इसमें सी-3 इंटरवेंशनल अकेडमी आरलैंडों यूएसए ने भी अपना सहयोग दिया था। वाकाथन बिक्रम चौक जम्मू से शुरू हुई और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल मं संपन्न हुई।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञों ने मंगलवार को विश्व हृदय दिवस पर वाकाथन आयोजित कर जम्मू के लोगों को अपना दिल स्वस्थ रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कोविड 19 के दौर में हृदय रोगियों को और खतरा है। ऐसे में स्वस्थ जीवनशैली अपना कर अपने आप को स्वस्थ रखें और दिल के रोगों को दूर करने के लिए अपने दिल का ही सहारा लें।
वाकाथन का आयोजन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जम्मू में कार्डियालोजी विभाग के एचओडी डा. सुशील शर्मा ने किया था। इसमें सी-3 इंटरवेंशनल अकेडमी आरलैंडों यूएसए ने भी अपना सहयोग दिया था। वाकाथन बिक्रम चौक जम्मू से शुरू हुई और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल मं संपन्न हुई। इस मौके पर डॉ. सुशील शर्मा ने कहा कि इस समय कोविड 19 के कारण तनाव और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पहले से ही बीमार लोगों की परेशानी बढ़ी है और कई मरीजों की माैत भी हुई है। उन्होंने कहा कि इस वाकाथन का मकसद लोगों को हृदयरोगों के बारे में जागरूक करना था और इसमें समाज के सभी वगों का भरपूर सहयोग मिला। लोगों ने शारीरिक दूरी को बनाए इसमें भाग लिया। उन्होंने कहा कि उनके अभियान का असर यह रहा कि यूएसए की सी-3 अकेडमी ने भी अपना समर्थन दिया।वाकाथन विश्व हृदय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी।
उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण विश्व में लाखों लोग अपनी जान गवां चुके हैं।स्वस्थ जीवनशैली अपना कर अपने आप को स्वस्थ रखें और कोरोना से भी दूर रहें। दिल के रोगों को दूर करने के लिए अपने दिल का ही सहारा लें। उन्होंने कहा कि इस समय विश्व में हर साल 17 मिलीयन लोग हृदयरोगों के कारण अपनी जान गंवाते हैं। यह कुल बीमारियों का 31 प्रतिशत है। उन्होंने लोगों से धूम्रपान और अल्कोहल के सेवन से दूर रहने के साथ ही पौष्टिक आहार लेने पर जोर दिया।हृदयरोग विशेषज्ञ डा. मोहन लाल ने लोगों से स्वस्थ दिल रखने की जानकारी दी। डा. अरविंद कोहली ने भी हृदयरोगों के कारण और बचाव के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में जस्टिस संजीव कुमार ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को कहा। उन्होंने डा. सुशील की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने देखा है कि किस प्रकार से वह कैंप आयोजित कर लोगों को हृदयरोगों के बारे में जागरूक करते हैं और उनकी जांच भी करते हें। उन्होंने कहा कि कोरोना को भी इसी तरह से ही हराया जा सकता है। वाकाथन का समापन गुव्वारे छोड़ कर किया गया। इस मौके पर जम्मू नगर निगम के मेयर चंद्रमोहन गुप्ता, आईजीपी जम्मू मुकेश सिंह , एडवोकेट डीएस चौहान, डा. अरुण शर्मा, अमित शर्मा, डा. नसीर चौधरी, विजय शर्मा, दिलीप कुमार, अयोध्या गुप्ता, डा. विवेक आर्या भी मौजूद थे।