वेयर हाउस में कंजक पूजन के साथ भंडारा
जागरण संवाददाता, जम्मू : ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट जम्मू की ओर से दुर्गा अष्टमी पर व
जागरण संवाददाता, जम्मू : ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट जम्मू की ओर से दुर्गा अष्टमी पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे से पूर्व फेडरेशन के पदाधिकारियों ने वेयर हाउस में कंजक पूजन किया। फेडरेशन की ओर से हर साल दुर्गा अष्टमी पर इस तरह के भंडारे का आयोजन किया जाता है।
वेयर हाउस परिसर में आयोजित इस भंडारे के मौके पर एमएलसी विक्रम रंधावा, पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री प्रो. चमनलाल गुप्ता, राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री कविद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री सत शर्मा, पूर्व विधायक राजेश गुप्ता, भाजपा के प्रदेश महासचिव युद्धवीर सेठी, भाजपा के जम्मू जिला प्रधान बलदेव सिंह व जेडीए के पूर्व वाइस चेयरमैन आरके श्रवण मुख्य रूप से मौजूद रहे। फेडरेशन के प्रधान रतन लाल गुप्ता व अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों को शाल भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने प्रसाद बांटकर भंडारे का शुभारंभ किया। इसमें सैकड़ों की संख्या में दुकानदारों, वेयर हाउस में काम करने वाले कर्मचारियों व श्रमिकों तथा आम लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे पूर्व फेडरेशन के महासचिव दीपक गुप्ता ने सभी अतिथियों व व्यापारियों को दुर्गा अष्टमी व नवमी तथा बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए जम्मू में शांति व आपसी भाईचारा कायम रहने की कामना की। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए समय-समय पर उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उनका आभार भी जताया।
इस मौके पर फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरज गुप्ता, उपाध्यक्ष मुनीश महाजन, सचिव अभिमन्यु गुप्ता व कोषाध्यक्ष विशाल गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।