केरल में बाढ़ पीड़ितों के लिए 11 करोड़ सहायता देगा जेके बैंक देगा
जम्मू-कश्मीर बैंक केरल में बाढ़ पीड़ितों के लिए 11 करोड़ सहायता देगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता। जम्मू-कश्मीर बैंक केरल में बाढ़ पीड़ितों के लिए 11 करोड़ सहायता देगा। बैंक के चेयरमैन और सीईओ ने दो महीने का वेतन तथा स्टाफ ने छह दिन का वेतन पीड़ितों के लिए देने का निर्णय लिया है। बैंक के कार्यकारी प्रधान ने एक महीने का वेतन तथा मैनेजमेंट टीम भी इसके लिए फंड देगी।
बैंक के चेयरमैन परवेज अहमद ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा ने केरल में भारी तबाही मचाई है। हजारों लोगों के मकान तबाह हो गए। सैकड़ों जानें चली गई हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग भी कुछ वर्ष पहले इसी तरह की प्राकृतिक आपदा को देख चुके हैं।
वह केरल के लोगों का दुख-दर्द भली-भांति समझ रहे हैं। दुख और संकट की इस घड़ी में राज्य के लोग केरल के बाढ़ ग्रस्त लोगों की कुशलता की कामना कर रहे हैं। मुझे इस बात का गर्व है कि मैं एक ऐसे संगठन का नेतृत्व कर रहा हूं जोकि किसी भी आपदा के समय पीड़ितों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहता है।
लोगों के कुशल होने की कामना करने के साथ जेके बैंक ने यह भी फैसला किया है कि वह अपनी क्षमता के अनुसार केरल के बाढ़ ग्रस्त लोगों की आर्थिक सहायता भी करेगा। जम्मू-कश्मीर बैंक की ऑफिसर्स एसोसिएशन का कहना है कि उन्होंने केरल के लोगों की सहायता के लिए छह दिन का वेतन दान देने का फैसला लिया है।