Jammu Kashmir : ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अधिक किराया वसूलने वालों पर कसा शिकंजा, चालान भी किए
एसएसपी ट्रैफिक पुलिस जम्मू शिव कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने बीते शनिवार को 40 यात्री वाहनों का चालान किया था जो यात्रियों से अधिक किराया वसूल रहे थे। आने वाले दिनों में भी पुलिस की यह अभियान जारी रहेगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता । यातायात विभाग द्वारा यात्री वाहनों का किराया कम किए जाने के बावजूद कुछ ट्रांसपोर्टरों द्वारा यात्रियों से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर दौड़ रही मिनीबसों पर ट्रैफिक कर्मी चढ़कर उनमें सवार यात्रियों से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उनसे अधिक किराया तो नहीं वसूला जाए। जिन यात्रियों ने शिकायत की कि उनसे अधिक किराया वसूला गया है पर मौके पर ही कार्रवाई की गई और उनके चालान काटे गए।
यात्री वाहनों वाहनों की जांच के लिए बनाए हैं विशेष दस्ते
एसएसपी ट्रैफिक पुलिस जम्मू शिव कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने बीते शनिवार को 40 यात्री वाहनों का चालान किया था जो यात्रियों से अधिक किराया वसूल रहे थे। आने वाले दिनों में भी पुलिस की यह अभियान जारी रहेगा। इस काम के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष दस्ते बनाए हैं। जो किसी भी रूट की मिनी बस पर सवार होकर सह चालक के सामने ही यात्रियों से यह सुनिश्चित करते हैं कि वह उनसे अलग किराया ना वसूले। -
किराये को लेकर बना विवाद
कोरोना काल के दौरान जब यात्री वाहनों को चलने की इजाजत दी गई थी तब शारीरिक दूरी के पालन को ध्यान में रखते हुए यातायात विभाग ने यात्री वाहनों का किराया 30 फीसदी तक बढ़ा दिया था। लेकिन अब लॉकडाउन शुरू होने के बाद यातायात विभाग ने बढ़ाए गए किराया के आदेश को वापस ले लिया है। यानी ट्रांसपोर्टरों को पुरानी किराया सूची के आधार पर ही यात्रियों से किराया लेना होगा। लेकिन ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि कोरोना काल के चलते उन्हें पहले नुकसान उठाना पड़ रहा है। तेल के भाव भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में उन्हें बढ़ाई गए किराये के आधार पर ही यात्रियों से किराया वसूलने की इजाजत दी जाए।